विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar: बिहार में हिंसा को लेकर सतर्कता, सासाराम-नालंदा में पुलिस की 18 कंपनी तैनात; 45 गिरफ्तार, कर्फ्यू लगा

By Kumar RajatEdited By: Yogesh Sahu
Published: Sun, 02 Apr 2023 12:20 AM (IST)Updated: Sun, 02 Apr 2023 02:31 AM (IST)

सासाराम में शुक्रवार से ही इंटरनेट सेवा बंद है जबकि बिहारशरीफ में शनिवार से इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई ...और पढ़ें

Bihar Violence: बिहार में हिंसा को लेकर सतर्कता, सासाराम और नालंदा में पुलिस की 18 कंपनी तैनात; 45 गिरफ्तार
Bihar Violence: बिहार में हिंसा को लेकर सतर्कता, सासाराम और नालंदा में पुलिस की 18 कंपनी तैनात; 45 गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में शुक्रवार को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा के बाद शनिवार को भी हुई ऐसी ही घटनाओं को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क है। शांति बनाए रखने के लिए सासाराम और बिहारशरीफ में पुलिसबल की 18 कंपनी तैनाती की गई हैं। कर्फ्यू लगाना पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, हिंसा की घटनाओं को लेकर अभी तक 45 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।

सासाराम में शुक्रवार से ही इंटरनेट सेवा बंद है, जबकि बिहारशरीफ में शनिवार से इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय दोनों स्थानों की लगातार मानीटरिंग कर रहा है।

सासाराम में हालात को देखते हुए एटीएस एसपी संजय कुमार सिंह की तैनाती की है। इनके साथ आठ अतिरिक्त डीएसपी भी तैनात किए गए हैं।

एडीजी मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि रोहतास में दो प्राथमिकी दर्ज कर 18 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बिहारशरीफ में आठ प्राथमिकी दर्ज कर 27 आरोपितों की गिरफ्तारी की गई है।

इसके अलावा दर्जनों अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया है, जिनकी तलाश जारी है। दोनों स्थानों पर शनिवार को प्रभावित थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें की गईं।

इनमें दोनों पक्षों के लोगों को भी बुलाकर बातचीत कर समझाया गया है। लोगों ने माना कि कुछ आपसी मतभेद की वजह से हिंसक झड़प हो गई है। विधि-व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए एसटीएफ के डीएसपी को भी तैनात किया गया है।

बिहारशरीफ: दूसरे दिन भी बवाल, दो गुटों के बीच फायरिंग; दो घायल, कर्फ्यू लगा

बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई हिंसा शनिवार को एक बार फिर भड़क उठी। यहां बनौलिया, बड़ी सकुनत और पहाड़पुरा इलाके में दो गुटों के भिड़ने की खबर सामने आई। दोनों के बीच कई राउंड फायरिंग भी हुई।

बताया गया कि फायरिंग में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। इसके बाद से ही शहरी क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, पहरपुरा निवासी 16 वर्षीय गुलशन कुमार व खासगंज निवासी प्रोफेसर शकील अहमद घायल गए, जिन्हें इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।

साथ ही अन्य जगहों पर भी छिटपुट घटनाएं हुईं। इस दौरान हुए पथराव में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया।

वहीं, बसार बिगहा व खासगंज मोहल्ले में भी दो पक्षों के बीच पथराव की घटना हुई, जिसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर पुलिस ने नियंत्रित कर लिया।

दो लोगों को किया गिरफ्तार

इधर, घटना के बाद डीएम-एसपी दलबल के साथ बनौलिया मोहल्ला पहुंचे और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। प्रशासन माहौल को नियत्रित करने में जुटा हुआ है। सभी जगहों पर पुलिस बल के सााथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती कर दी गई है। शहरी क्षत्र में कर्फ्यू लगा दी गई है।

सासाराम में ब्लास्ट की सूचना, डीएम ने किया इनकार

बिहारशरीफ में दूसरे दिन भी हिंसा की घटनाओं की सूचना के बाद सासाराम से भी ब्लास्ट की सूचना मिली थी। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूचना दी थी कि सासाराम में धमाका हुआ है, जिसमें तीन लोग घायल भी हुए हैं।

धमाका किस वजह से हुआ था, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। हालांकि, वहां के जिलाधिकारी धर्मेंद कुमार ने ऐसी किसी घटना के होने से इनकार किया।