कड़ी सुरक्षा के बीच विधानसभा का सत्र कल से होगा शुरू
बिहार विधानसभा का सत्र 11 फरवरी से 20 फरवरी के बीच कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चलेगा।
पटना । बिहार विधानसभा का सत्र 11 फरवरी से 20 फरवरी के बीच कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चलेगा। आसपास में धारा 144 लागू रहेगी। गर्दनीबाग धरनास्थल पर दंडाधिकारी के साथ फोर्स की तैनाती होगी। जुलूस और प्रदर्शन पर रोक रहेगी। विधानसभा के आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहेगा। सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जाएगी। जिलाधिकारी कुमार रवि ने विधानसभा कैंपस में विधि व्यवस्था को बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग में यह जानकारी दी।
डीएम ने कहा कि बिहार विधानसभा के सत्र को देखते हुए शाति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सत्र समाप्ति तक की गई है। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन या सभा का आयोजन न हो। सुरक्षा के दृष्टिकोण से विधान सभा के पीछे का प्रवेश द्वार सत्रावधि तक बंद रहेगा।
विधानसभा सदस्यों की कार में बैठ कर सिर्फ पास होल्डर ही अंदर आएंगें। कोई अनधिकृत व्यक्ति विधान मंडल परिसर में प्रवेश नहीं करेगा। सदस्यों को पहचानने एवं आगंतुक की चेकिंग की जिम्मेवारी विधानमंडल की सुरक्षा प्रभारी की होगी। विधान मंडल परिसर में सदस्य भी शस्त्र के साथ अंदर प्रवेश नहीं करेंगे। सिविल सर्जन विधान मंडल नियंत्रण कक्ष एवं गर्दनीबाग धरना स्थल नियंत्रण कक्ष में सभी आवश्यक उपकरणों, दवाई व डॉक्टरों के दल के साथ एम्बुलेंस की व्यवस्था करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि आवश्यकतानुसार प्रदर्शनकारियों के शिष्टमंडल को मुख्यमंत्री, विभिन्न मंत्रियों या अध्यक्ष, विधान सभा/सभापति, बिहार विधान परिषद से भेंट कराने की व्यवस्था गर्दनीबाग धरनास्थल स्थित नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त वरीय दंडाधिकारी द्वारा की जाएगी। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों को निर्देश दिया कि कर्तव्य के दौरान मोबाइल का प्रयोग नहीं करें। अगर मोबाइल का प्रयोग करते हुए पाए गए तो विधि सम्मत कार्रवाई होगी।