Video: मनचले को छेड़छाड़ पड़ी भारी, लगाया हाथ तो लड़की ने जड़ दिया थप्पड़; पब्लिक ने भी धुना
पटना की तीन लड़कियों ने मनचले को थप्पड़ जड़ जब हिम्मत दिखाई तो पब्लिक ने भी जमकर धुना। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
पटना, जेएनएन। बिहार की राजधानी में छेड़छाड़ की घटना लगातार बढ़ती जा रही है। लिहाजा लड़कियां भी दिन में ही घर से बाहर निकलना मुनासिब समझ रही हैं। अब सुबह-सुबह ही छेड़छाड़ होने लगे तो क्या करेंगे? पटना की तीन लड़कियों ने इस सवाल का जवाब दिया है। दो दिन पहले हुई एक घटना में जब मनचले को थप्पड़ जड़ उन्होंने हिम्मत दिखाई तो पब्लिक ने सबक सिखा दिया। आशिक मिजाज युवक की जमकर धुनाई हुई। सीसीटीवी में कैद होकर घटना का वीडियो वायरल हो गया। जिसकी चर्चा पूरे शहर में है। अब पुलिस उक्त युवक की तलाश कर रही है। हालांकि थाने में मामले की शिकायत नहीं दर्ज की गई है।
पटना सिटी का है मामला
पटना में छेड़खानी कर रहे मनचले को लड़की ने जड़ दिया थप्पड़। पब्लिक ने भी जमकर धुना। pic.twitter.com/JSqNxPtCNy — Akshay Pandey (@akshay019) June 19, 2020
दरअसल, चौक थाना क्षेत्र के श्री गुरु गोविंद सिंह पथ स्थित चौकशिकारपुर में एक युवक द्वारा कोचिंग या ट्यूशन से पढ़ाई कर घर लौट रही तीन छात्राओं में एक छात्रा पर फब्तियां कसने तथा छेडख़ानी करने का वायरल हुआ वीडियो गुरुवार को चर्चा का विषय बना रहा।
पटना में छेड़खानी कर रहे मनचले को लड़की ने जड़ दिया थप्पड़। पब्लिक ने भी जमकर धुना। pic.twitter.com/vw8RMiCzpk— Akshay Pandey (@akshay019) June 19, 2020
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बताया जाता है कि उक्त वीडियो बुधवार 17 जून की सुबह करीब 8:30 बजे का है। छात्रा तथा मनचले के बीच हुई थप्पड़बाजी चौकशिकारपुर स्थित कुशवाहा मार्केट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। वायरल वीडियो के संबंध में चौक थानाध्यक्ष टीएन तिवारी से पूछे जाने पर बताया कि इस संबंध में कोई भी शिकायत थाना में नहीं दर्ज कराई गई है। फिलहाल वीडियो देखकर साफ समझ आ रहा है कि लड़की के साथ छेड़खानी हुई है। उसने हिम्मत दिखाकर मनचले को सबक भी सिखा दिया है।