जदयू की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे जेपी आंदोलन के दिग्गज
जदयू की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में जेपी आंदोलन एवं किसान यूनियन से जुड़े कई दिग्गज शामिल होंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी।
पटना। जदयू की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में जेपी आंदोलन एवं किसान यूनियन से जुड़े कई दिग्गज शामिल होंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि नीतीश कुमार के जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद इन नेताओं ने हमारी राष्ट्रीय परिषद की बैठक में आने की इच्छा जताई है।
बैठक में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों का वैसे आना शुरू हो चुका है। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव शुक्रवार की दोपहर में आएंगे।
सिंह ने बताया कि जेपी आंदोलन से जुड़े कर्नाटक के पूर्व गृह मंत्री पीजीआर सिंघिया, कर्नाटक विधान परिषद के पूर्व सभापति बीआर पाटिल, आंध्र प्रदेश के विधान पार्षद यादव रेड्डी, लक्ष्यद्वीप से डॉ.सादिक अली, मुंबई के मजदूर नेता शशांक राव, हरियाणा के किसान नेता ऋषिपाल अंभावता, समता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वीवी कृष्णराव और युवा समता के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वहीद हुसैन जैसे नेताओं ने नीतीश कुमार के अध्यक्ष बनने पर राष्ट्रीय परिषद की बैठक में आने की इच्छा जताई है।
उनके आने का कार्यक्रम तय हो चुका है। बैठक में नीतीश कुमार के अध्यक्ष बनने के राष्ट्रीय समिति के फैसले पर मुहर लगनी है।
भाजपा के पूर्व विधायक जदयू में शामिल
संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रसाद सिन्हा ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की। वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि सिन्हा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिल जदयू में शामिल होने की घोषणा की थी। यहां वह विधिवत सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।
पूर्व मंत्री ने दिए 1.5 लाख
इस मौके पर पूर्व मंत्री रंजू गीता ने पार्टी फंड में 1.5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। उन्होंने यह चेक प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह को सौंपा। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जावेद रजा, आरसीपी सिंह, दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश इकाई के पार्टी अध्यक्ष भी संवाददाता सम्मेलन में मौजूद थे।