बिहार में 'वीबी-जी राम जी' का कमाल, महज 3 महीने में 10 लाख से अधिक परिवारों को मिला रोजगार
वीबी-जी राम जी योजना के तहत बिहार में तीन महीने में 10.89 लाख ग्रामीण परिवारों को रोजगार मिला, जिससे 179 लाख मानव दिवस सृजित हुए।

वीबी-जी राम जी योजना: बिहार में लाखों ग्रामीण परिवारों को मिला रोजगार और आजीविका (AI Generated Image)
HighLights
वीबी-जी राम जी से 10.89 लाख ग्रामीण परिवारों को रोजगार मिला।
योजना ने 179 लाख मानव दिवसों का सफलतापूर्वक सृजन किया।
महिलाओं और वंचित वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की गई।
राज्य ब्यूरो, पटना। विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी राम जी) बिहार में पहली जुलाई से लागू है। योजना के तहत तीन महीने में राज्यभर में 10 लाख 89 हजार ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। 179 लाख मानव दिवस का सृजन किया गया है।
ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार, रोजगार पाने वालों में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग की भागीदारी 17.48 प्रतिशत और महिलाओं की सहभागिता 57.58 प्रतिशत है।
वीबी-जी राम जी योजना से संबंधित आंकड़े एकत्र करने वाली प्रणाली एमआईएस (मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम) से के अनुसार, इसके अंतर्गत पहली जुलाई से अब तक 457 करोड़ 93 लाख रुपये के भुगतान का किया जा चुका है।
चालू वित्तीय वर्ष यानी 2026-27 में नौ महीने अर्थात जुलाई 2026 से मार्च 2027 तक के लिए केंद्रांश एवं राज्यांश समेत कुल 11 हजार 193 करोड़ रुपये के अंतरिम बजट का प्रविधान किया गया है।
विदित हो कि योजना के तहत प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को एक वित्तीय वर्ष में कम से कम 125 दिनों के रोजगार की गारंटी प्रदान की गई है। इसके माध्यम से ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ आजीविका संवर्द्धन एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को गति देने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत राज्य में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ आजीविका संवर्द्धन, पर्यावरण संरक्षण एवं आवश्यक ग्रामीण आधारभूत संरचनाओं के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। वीबी-जी राम जी के माध्यम से अधिक से अधिक संख्या में ग्रामीण क्षेत्र के गरीब परिवारों को रोजगार दिलाना सर्वोपरि लक्ष्य है। - श्रवण कुमार मंत्री, ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग
