पटना-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत पर पत्थरबाजी करने वाला गिरफ्तार, CCTV फुटेज से हुई पहचान
बख्तियारपुर स्टेशन के पास पटना-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने के आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ...और पढ़ें

वंदे भारत पर पत्थरबाजी करने वाला गिरफ्तार
HighLights
बख्तियारपुर में वंदे भारत पर पत्थर फेंकने वाला गिरफ्तार।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी अजय कुमार की पहचान हुई।
26 मार्च की घटना में कोच के शीशे टूटे थे।
संवाद सूत्र, अथमलगोला। बख्तियारपुर स्टेशन के निकट एक पखवाड़े पूर्व पटना न्यू जलपाईगुड़ी बंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने के आरोपित को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार किया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर जवाहरलाल ने बताया कि 26 मार्च को बख्तियारपुर स्टेशन के समीप 22234 डाउन पटना न्यू जलपाईगुड़ी बंदे भारत एक्सप्रेस पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्थर फेंका गया, जिससे कोच संख्या C-1 की सीट संख्या 41, 42 एवं 43 के शीशे में दरार आ गई।
इस घटना के संबंध में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बख्तियारपुर में मामला दर्ज किया गया और निरीक्षक प्रभारी के नेतृत्व में जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान न्यू जलपाईगुड़ी से संबंधित विभाग से सीसीटीवी फुटेज प्राप्त किया गया।
दाहिनी ओर से गाड़ी पर पत्थर मारते हुए दिखाई दिया
फुटेज के अवलोकन में पाया गया कि गाड़ी संख्या 22234 पर बख्तियारपुर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 2 एवं 3 के मोकामा छोर पर एक व्यक्ति दाहिनी ओर से गाड़ी पर पत्थर मारते हुए दिखाई दिया।
इस व्यक्ति की पहचान स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज से की गई। मंगलवार को सटीक सूचना पर आरपीएफ एवं जीआरपी बख्तियारपुर की संयुक्त टीम ने 54 वर्षीय अजय कुमार, जो झिंगनगर बिहारशरीफ नालंदा का निवासी है, को बख्तियारपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित को मंगलवार को जेल भेज दिया गया।
