पुलिस विभाग में चाहिए नौकरी तो रहें तैयार,1074 थाना मैनेजर की होगी नियुक्ति
अगर आप बिहार पुलिस में नौकरी करना चाहते हैं तो ये मौका आपके लिए है। प्रदेश के सभी 1074 थानों में एक-एक मैनेजर की नियुक्ति की जाएगी। पूरी जानकारी के लिए पढ़ें ये खबर...
पटना, राज्य ब्यूरो। प्रदेश के सभी 1074 थानों में एक-एक मैनेजर की नियुक्ति होगी। थाना मैनेजर के पद स्थायी होंगे और इनका काम थाना प्रभारियों को मदद करना होगा। यह जानकारी प्रदेश के मुख्य सचिव दीपक कुमार ने दी।
मुख्यसचिव ने बताया कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक में थाना मैनेजर बहाली का निर्णय लिया गया था। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद अब इस दिशा में काम शुरू हो गया है। एक हजार से अधिक पदों पर मैनेजर बहाल होंगे। यह नियमित पद होंगे और इनकी सीधी नियुक्ति होगी।
मुख्यसचिव ने बताया कि वर्तमान में थानों के प्रबंधन का जिम्मा थानेदार पर होता है। कार्य की अधिकता की वजह से थानों का बेहतर प्रबंधन थानेदार नहीं कर पाते। कई बार कंप्यूटर, रजिस्टर या थाना भवन की मरम्मत जैसे काम तक इस वजह से बाधित होते हैं। ऐसी समस्याओं का भविष्य में सही समय पर समाधान किया जा सके इसके लिए थाना मैनेजर नियुक्त होंगे।
थाने की प्रत्येक जरूरत का आकलन मैनेजर करेंगे और इसकी सूचना मुख्यालय को मुहैया कराएंगे। मुख्यसचिव ने बताया कि नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द ही प्रारंभ होगी। लक्ष्य है इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर अगले छह महीने में पूरा कर लिया जाए।