पटना जंक्शन पर होगा स्मार्ट कॉम्प्लेक्स, मिलन प्लाजा में बिता सकेंगे फुर्सत के पल
पटना जंक्शन को स्मार्ट करने में यूपी का भी साथ मिलेगा। यहां आलीशन होटल तो होगा ही स्मार्ट कॉम्प्लेक्स और मिलन प्लाजा भी स्टेशन की खूबसूरती में चार चांद लगाएगा।
पटना, जेएनएन। पटना को स्मार्ट बनाने में अब यूपी का भी साथ मिलेगा। अगले साल के अंत तक पटना जंक्शन इलाके की सूरत बदल जाएगी। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम पटना जंक्शन एरिया का पुनर्विकास करेगा। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से इस कार्य के लिए एजेंसी का चयन किया गया है।
सात पर शुरू हो गया है कार्य
स्मार्ट सिटी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 11 परियोजनाओं का कार्यादेश विभिन्न एजेंसियों को दिया जा चुका है। इनमें सात पर कार्य युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। इससे राजधानी के विकास को रफ्तार मिलेगी। शहरवासियों को भी कई सुविधाएं सुलभ होंगी। पटना जंक्शन एरिया रिडेवलपमेंट पर 211 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए नगर निगम की ओर से छह मार्च को कार्यादेश जारी किया गया है।
बनेंगे कई कॉम्प्लेक्स
स्मार्ट सिटी के तहत पटना जंक्शन एरिया की सूरत बदल जाएगी। इस एरिया की सरकारी भूमि को व्यवस्थित तरीके से फिर से बसाया जाएगा। इसके तहत स्मार्ट कॉम्प्लेक्स, मिलन प्लाजा, वेंडर कॉम्प्लेक्स, मछली, फल और सब्जी दुकानों के लिए अलग-अलग कॉम्प्लेक्स रहेंगे। ये चार मंजिला से लेकर जी प्लस एक मंजिल तक के होंगे।
कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट होंगी दुकानें
महावीर मंदिर व मस्जिद के बीच सरकारी भूमि पर बनी दुकानों को स्मार्ट कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट किया जाएगा। चार मंजिला स्मार्ट कॉम्प्लेक्स में 16 एकड़ एरिया के सभी लाइसेंसी दुकानदारों को शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद खाली जगह पर हरियाली पार्क के रूप में मिलन प्लाजा विकसित होगा। यहां लोग फुर्सत के पल बिता सकेंगे।
जाम से मिलेगी मुक्ति
एरिया के विकास के बाद पटना जंक्शन एरिया में वर्तमान में होने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। इसके लिए स्मार्ट सिटी के तहत मल्टी मोडल ट्रांसपोर्ट इंटरचेंज स्टॉप (एमएमपीआइएस) विकसित होगा। इसमें कार, बाइक, ऑटो व अन्य वाहनों के आने-जाने के लिए रूट निर्धारित रहेगा। इससे जाम से मुक्ति मिलेगी। जबकि जीपीओ से मंदिर गोलंबर के बीच की सड़क को मॉडल पथ बनाया जाएगा।
नौ मंजिला चार सितारा होटल बनेगा
पटना जंक्शन एरिया में यात्रियों और शहरी आगंतुकों के लिए नौ मंजिला स्टार होटल बनाया जाएगा। इसमें दो अलग-अलग केंद्र होंगे। एक में आवासीय सुविधा होगी तो दूसरी में स्पा, क्लब व तमाम अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया होंगी। स्टार होटल के लिए बिडिंग प्रक्रिया चल रही है।
2020 के अंत तक दिखेगा बदलाव
पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ देवेंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि पटना स्मार्ट सिटी के तहत पटना जंक्शन एरिया के रिडेवेलपमेंट का कार्य उत्तर प्रदेश के राजकीय निर्माण निगम को दिया गया है। 2020 के अंत तक एरिया की सूरत पूरी तहत बदल जाएगी।