Bihar Politics: '...तो देश का सबसे बड़ा डांसर PM बन जाता', BJP के पार्टनर कुशवाहा ने छेड़ दिया अलग राग
उपेंद्र कुशवाहा ने पटना में संवैधानिक अधिकार- परिसीमन सुधार महारैली का आयोजन किया जिसमें बिहार के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता शामिल हुए। कुशवाहा ने कहा कि इस महारैली का विधानसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बिहार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए अपनी 25 सूत्री मांगों का उल्लेख किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया कि उनमें से अधिकांश मांगें पूरी हो चुकी हैं।

जागरण संवाददाता, पटना। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार को पटना के मिलर हाइस्कूल के मैदान में पार्टी की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय “संवैधानिक अधिकार- परिसीमन सुधार महारैली” के माध्यम से इस महाअभियान के लिए विक्रमगंज, मुजफ्फरपुर और गयाजी के बाद आज पटना से चौथी बार शंखनाथ किया।
इस महारैली में पूरे बिहार के 38 जिलों से हजारों हजार की संख्या में कार्यकर्ताओं का समागम हुआ। कुशवाहा ने हजारों समर्थकों के बीच दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कुशवाहा ने इस दौरान तेजस्वी यादव के डांस वीडियो पर तंज भी कसा।
इस अवसर पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि मीडिया के लोग बार बार सवाल कर रहे थे कि यह महारैली क्या शक्ति प्रदर्शन के लिए आयोजित हो रही है। मैं उनको इस ऐतिहासिक अवसर पर बताना चाहता हूं कि उपेंद्र कुशवाहा को यदि पटना में शक्ति प्रदर्शन की जरूरत होती तो गांधी मैदान छोटा पड़ जाता। इस महारैली का आगामी विधानसभा चुनाव से कोई लेना देना नहीं है।
'मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं...'
आगे कहा, उपेंद्र कुशवाहा के सम्मान की रक्षा तो प्रदेश की जनता स्वयं करती है। पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान उपेंद्र कुशवाहा के चाहने वालों ने अपने आप मेरे सम्मान की रक्षा की थी ये किसी को भूलना नहीं चाहिए। जगदेव बाबू की अचानक हुई हत्या के बाद अचानक उनकी राजनीतिक विरासत को कौन आगे बढ़ाए यह सवाल खड़ा हुआ था। आज एक बार फिर मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि वर्तमान में भी जगदेव बाबू की विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उसी शोषित समाज के किसी व्यक्ति के हाथों में रहनी चाहिए जिसके लिए उन्होंने अपनी शहादत दी थी।
'मैं नीतीश कुमार का आभार व्यक्त करता हूं'
उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा जनहित के मुद्दों को उठाया है। बिहार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए हमने 25 सूत्री मांग की थी, मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विशेष आभार व्यक्त करता हूं कि उसमें से अधिकांश मांग पूरी हो चुकी है। पिछले दिनों वाल्मिकीनगर में आयोजित पार्टी राजनीतिक मंथन शिविर 14 सूत्री मांग रखी थी जिसमें से 04 महत्वपूर्ण मांग पूरी हो चुकी है।
कुशवाहा ने कहा, चाहे वो स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड की राशि 04 लाख से 10 लाख की बात हो या जातीय जनगणना का मामला हो हमारी मांग पूरी हुई है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा सुधार का हमारा अभियान तब तक जारी रहेगा जबतक कि हमारे समाज का बच्चा खुद शिक्षक बनने की इच्छा व्यक्त करना न शुरू करे। हमारी पार्टी का नारा है जय किसान जय नौजवान। हम हमेशा किसानों के हित से जुड़े मुद्दे पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़े हैं। हम सामाजिक न्याय की बात करते हैं जिसका सीधा मतलब है कि जाति या धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं हो।
कुशवाहा ने कहा कि संवैधानिक अधिकार-परिसीमन सुधार” के संकल्प को हम पूरा करके ही दम लेंगे। राष्ट्रीय लोक मोर्चा बिहार की जनता से अपील करता है कि इस लड़ाई में हमारा साथ दें, ताकि बिहार समेत उत्तर भारत के लोगों को उचित राजनैतिक प्रतिनिधित्व मिल सके।
तेजस्वी पर कुशवाहा का तंज
उन्होंने कहा कि मैं पद की नहीं बल्कि परिवर्तन और सुधार की बात करता हू। आगामी विधानसभा चुनाव में NDA के लिए पूरे बिहार में अच्छा माहौल है। केंद्र और राज्य की NDA सरकार जनहित के जुड़े मुद्दों पर अच्छा काम कर रही है। जनता का भरपूर स्नेह और समर्थन मिल रहा है। गंगा किनारे डांस करने से कोई मुख्यमंत्री नहीं बन जाता है। अगर ऐसा होता तो देश का सबसे बड़ा डांसर भारत का प्रधानमंत्री बन जाता। सार्वजनिक जीवन में अपनी छवि बनाकर रखनी चाहिए।
बता दें बीते दिनों तेजस्वी की एक वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें वह कुछ युवाओं के साथ डांस करते नजर आ रहे थे।
सभा की अध्यक्षता पार्टी के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने की जबकि मंच संचालन संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, मुख्यालय प्रभारी सह प्रदेश महासचिव प्रशांत पंकज और रोहतास जिला अध्यक्ष कपिल कुमार ने संयुक्त रूप से की। स्वागत भाषण रामेश्वर महतो ने दिया।
सभा को संबोधित करने वाले अन्य वक्ताओं में राष्ट्रीय प्रधान महासचिव माधव आनंद, रणविजय सिंह, जीतेन्द्र नाथ पटेल,फजल इमाम मल्लिक , रेखा गुप्ता ,आर के सिन्हा, स्मृति कुमुद, सुभाष चंद्रवंशी सहित सभी संगठन जिलों के जिला अध्यक्ष शामिल थे इत्यादि। पटना महानगर अध्यक्ष खुर्शीद अहमद ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।