RLSP नेता की हत्या पर बौखलाए उपेंद्र कुशवाहा, CM नीतीश के सुशासन पर उठाए सवाल
बिहार के वैशाली में प्रखंउ प्रमुख व रालोसपा नेंता की हत्या से बौखलाए उपेंद्र कुशवाहा ने अपने ही गठबंधन की सरकार में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पूरा मामला जानिए इस खबर में।
पटना [जेएनएन]। बिहार के वैशाली जिला के जन्दाहा प्रखंड परिसर में प्रखंड प्रमुख एवं रालोसपा नेता मनीष सहनी की अपराधियों ने दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के साथ सहयोगी राष्ट्रीय लोक समता दल (रालोसपा) सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश कुमार के सुशासन पर सवाल उठाए हैं।
विदित हो कि वैशाली के जंदाहा में प्रखंड प्रमुख व राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के जिला सचिव मनीष सहनी को बाइक सवार दो अपराधियों ने ब्लॉक कैंपस में ही गोलियों से भून डाला। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल काटा। सिथति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने घटना पर शोक प्रकट करते हुए सवाल किया कि कितनी लाशों के बाद शासन होश में आएगा?