रालोसपा में जान फूंकने को कुशवाहा ने बनाई नई रणनीति, पुराने यूएसपी को देंगे धार, जानें
रालोसपा को मजबूत करने के लिए नई रणनीति पर अमल करने का लिया गया है निर्णय। युवा कार्यकर्ताओं के माध्यम से पंचायत स्तर पर चलेगा संपर्क अभियान। गांवों में रात गुजारेंगे कुशवाहा।
पटना [एसए शाद] । लोकसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने नई रणनीति पर अमल करने का निर्णय लिया है। संगठन मजबूत करने के लिए वह अब गांवों में रात गुजारेंगे। पार्टी को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यालय से अधिक जिलों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। युवा कार्यकर्ताओं के माध्यम से पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।
जल्द तय होंगे कार्यक्रम
कुशवाहा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जिन हथकंडों का इस्तेमाल किया, उससे हमारी पार्टी ने सीख ली है। हमारे अनुभव में इजाफा हुआ है। आगे से हम सतर्क रहेंगे। भाजपा के खिलाफ जिलों में जाकर हम प्रचार करेंगे। उन्होंने बताया कि संगठन को सुदृढ़ करने के लिए वह गांवों का दौरा करेंगे, और गांवों में ही रात्रि विश्राम करेंगे। विधानसभा चुनाव को लेकर हमारी पार्टी अभी से सतर्क और सजग है। गांवों में रातें गुजारने का कार्यक्रम जल्द तय किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं से नजदीक रहना कुशवाहा की यूएसपी
पार्टी सूत्रों ने बताया कि कार्यकर्ताओं से नजदीक रहना उपेंद्र कुशवाहा की 'यूएसपी' रही है। चाहे वह जदयू में रहे हों या खुद की अपनी पार्टी बनाई हो, कार्यकर्ताओं से वह हमेशा जुड़ कर रहे हैं। परन्तु केंद्रीय मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाने और लोकसभा चुनाव में एनडीए में अधिक सीटों की मांग मनवाने को लेकर सक्रिय रहने के कारण वह पार्टी नेताओं से बेहतर समन्वय नहीं बना सके। या दूसरे शब्दों में पार्टी नेताओं की आकांक्षाओं को पूरा नहीं कर पाए। इसके नतीजे में चुनाव से ठीक पहले कई वरिष्ठ नेता रालोसपा को छोड़कर अलग हो गए।
पंचायत स्तर पर चलेगा जनसंपर्क अभियान
उपेंद्र कुशवाहा अब अपनी पुराने यूएसपी को और धार देंगे। वह कार्यकर्ताओं से सीधे संपर्क करने और उनमें विश्वास जगाने के लिए गांवों में रात्रि विश्राम करेंगे। मुख्यालय से अधिक जिलों पर पार्टी ध्यान केंद्रित करेगी। पार्टी युवाओं के बीच भी अपनी सक्रियता बढ़ाएगी। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि युवा लोक समता के कार्यकर्ता पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप