बिहार के सीएम नीतीश को जवाब देने बिहार आएंगे यूपी के सीएम अखिलेश यादव
अब तक बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही यूपी का दौरा करते रहे हैं। अब यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मधुबनी के टाउन क्लब मैदान में 17 अक्टूबर को आयोजित सभा को संबोधित करेंगे।
पटना [राज्य ब्यूरो]। नीतीश कुमार उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में रैली कर रहे। अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मिथिलांचल में बिहार की नीतीश कुमार सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फुकेंगे। मधुबनी के टाउन क्लब मैदान में पार्टी की तरफ से 17 अक्टूबर को आयोजित किसान, मजदूर, नौजवान महासभा पंचायत में अखिलेश आएंगे।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व केन्द्रीय मंत्री देवेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि पार्टी 12 से 18 अक्टूबर लोहिया की पुण्यतिथि पखवाड़ा मना रही। इस अवसर पर महासभा का आयोजन किया गया है। जन आधारित मुद्दों को लेकर आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
पहली बार मिथिलांचल में अखिलेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पहली बार मिथिलांचल में लोगों को संबोधित करेंगे। यादव ने कहा कि बिहार सरकार प्रत्येक मोर्चे पर विफल है। विधि व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों का बोलबाला है। बाढ़ और सुखाड़ से फसल बर्बाद हो गई। कर्ज में डूबे किसान तिल- तिल कर मर रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार लापरवाह बनी हुई है। अपनी असफलता के लिए केन्द्र को दोषी करार देना राज्य सरकार की फितरत बन गई है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शराबबंदी में उलझकर विकास और जनहित की बात को भूल गए हैं। हमलोग भी शराबबंदी के समर्थक हैं, लेकिन इसे रोकने का कानून सही नहीं है। नीतीश के तुगलकी फरमान का जोरदार ढंग से विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत महासभा में राज्यभर से किसान, मजदूर व नौजवान जुटेंगे। राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन का एलान किया जाएगा।