अनोखी शादी: डॉक्टर्स बने बाराती तो गवाह बना दुल्हन का नवजात बेटा, जानिए
बिहार के पटना स्थित दानापुर में एक अनोखी शादी हुई। इसमें दनापुर अनुमंडल अस्पताल के डॉक्टर्स व नर्सेज बाराती बने तो दुल्हन का नवजात बेटा गवाह बना।
पटना [जेएनएन]। अस्पताल में शादी हुई, जिसमें बाराती बने डॉक्टर-नर्स व गवाह बना दुल्हन का बच्चा। जी हां, ऐसी अनोखी शादी बिहार की राजधानी पटना में दानापुर के एक मंदिर में हुई है। दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल प्रशासन ने गुरूवार को एक बिन ब्याही मां को उसके प्रेमी से मिलवाया, साथ ही दोनों की शादी पेठिया बाजार स्थित सोनारी मंदिर में कराया।
जानकारी के अनुसार पटना के कुर्जी की प्रियंका प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती हुई। बुधवार की शाम उसने एक बेटे को जन्म दिया। प्रियंका ने अपने प्यार की दास्तान नर्स को सुनाई। फिर, नर्स ने बच्चे के पिता राहुल को फोन कर जन्म की बात बताई। जानकारी मिलने पर राहुल बच्चे व अपनी प्रेमिका से मिलने पटना पहुंचा।
प्रियंका के अनुसार गर्भवती होने पर उसे नाना अपने गांव कुर्जी लेकर चले आए थे। नाना चाहते थे कि प्रसव के बाद शिशु को किसी अनाथालय में दे दिया जाए, लेकिन वह इसके लिए वह तैयार नहीं थी। प्रियंका की मां भी राहुल से बेटी के विवाह के लिए तैयार नहीं थी। लेकिन, अस्पताल प्रबंधन ने प्रियंका के नानी-नानी को प्रियंका-राहुल के विवाह के लिए मना लिया।
इसके बाद दोनों की एक मंदिर में शादी कराई गई। अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि प्रियंका को शादी के बाद राहुल के साथ घर भेज दिया गया है।