अजब प्यार की गजब कहानी: इंस्टाग्राम पर भा गयी सिपाही की बीवी, हो गया प्यार, लेकिन
इंस्टाग्राम के जरिए बिहार के एक युवक को झारखंड पुलिस के एक जवान की पत्नी से प्यार हो गया। दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया। युवक प्रेमिका को अपने घर ले आया। उसके बाद जानिए...
पटना, जेएनएन। कहते हैं प्यार तो बस प्यार होता है, वो ऊंच-नीच और सामाजिक बंधनों से परे होता है। बेतिया के रहनेवाले एक युवक को इंस्टाग्राम पर बातचीत के दौरान शादीशुदा दो बच्चों की मां से प्यार हो गया और सामाजिक मर्यादाओं को दरकिनार कर दोनों ने शादी करने और साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया। लेकिन, हुआ कुछ एेसा कि दोनों के प्यार को जमाने की नजर लग गई।
बेतिया के रहने वाले युवक की इंस्टाग्राम के जरिए एक महिला से दोस्ती हुई। दोनों फोन पर बात करने लगे और दोस्ती प्यार में बदल गई। युवक को पता चला कि महिला झारखंड में कार्यरत पुलिस जवान की बीवी है और दो बच्चों की मां है। फिर भी उसने महिला से शादी करने का फैसला किया।
फिर क्या था? प्रेमी के प्यार में पागल झारखंड पुलिस जवान की बीबी, दो बच्चों की मां बेतिया के बंगाली कॉलनी में रहने वाले युवक के घर आ गई। पिछले 25 दिनों से प्रेमी युगल लिव इन रिलेशनशीप में रह रहे थे और खरमास के बाद दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले थे।
इसी बीच , मंगलवार की देर रात में युवक के घर झारखंड पुलिस पहुंची और नगर थाने की पुलिस के सहयोग से बंगाली कॉलोनी निवासी युवक पार्थ सरकार(25) को गिरफ्तार कर लिया। उसके घर में ही बीते 30 नवंबर से अपने पति के घर से रहस्यमयढंग से गायब विवाहिता भी मिली।
पति ने पत्नी के रहस्यमय ढंग से गायब होने की दर्ज करायी थी एफआइआर
रांची के चुटिया थाने के पुलिस सब इंस्पेक्टर सूर्यकांत कुमार ने बताया कि बीते 30 नवंबर को विवाहिता रांची रेलवे स्टेशन के समीप स्थित कॉलनी से गायब हो गई थी। विवाहिता का पति झारखंड पुलिस में सिपाही है। विवाहिता के दो बच्चे भी हैं। उसका बड़ा पुत्र 8 वर्ष का, जबकि पुत्री 2 वर्ष की है। विवाहिता अपने दो वर्षीय पुत्री को लेकर रहस्यमयढंग से गायब हो गई थी। इस मामले में थाने में आठ दिसंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इंस्टाग्राम पर फोटो देख दो बच्चों की मां को दिल दे बैठा पार्थ
थाने में पूछताछ के दौरान युवक पार्थ ने बताया कि इंस्टाग्राम पर पहली बार उसने विवाहिता की तस्वीर देखी। तस्वीर देखकर ही वह उस दिल दे बैठा। उसके बाद दोनों एक - दूसरे से मोबाइल पर बात करने लगे। करीब छह माह तक मोबाइल से संपर्क में रहे। इसके बाद प्रेमिका से मिलने के लिए प्रेमी रांची पहुंचा और विवाहिता को उसकी बेटी के साथ लेकर अपने घर आ गया।
सिपाही की पत्नी ने प्रेमी के घर आने के बाद सिम बंद कर दिया था
प्रेमी के संग फरार होने के बाद से पुलिस जवान की पत्नी ने अपने माेबाइल का सिम भी बंद कर दिया था। आरोपित को ढूंढना झारखंड पुलिस के लिए चुनौती थी। लेकिन तकनीकी ढंग से अनुसंधान करने के बाद पुलिस ने आखिरकार इस प्रेम प्रसंग मामले को लेकर रांची से बेतिया पहुंची और नगर थाने की पुलिस के सहयोग से युवक को गिरफ्तार किया गया।