Maharashtra Politics: पटना में बोले केंद्रीय मंत्री अठावले- विराट कोहली की तरह भाजपा बड़ी खिलाड़ी
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले शनिवार को पटना में हैं। उन्होंने महाराष्ट्र पॉलिटिक्स पर खुल कर बोले। उन्होंने बीजेपी की तुलना क्रिकेटर विराट कोहली से की। शिवसेना पर कमेंट किया।
पटना, राज्य ब्यूरो। केंद्रीय सामाजिक न्याय अधिकारिता राज्यमंत्री और रिपब्लिकन पार्टी आॅफ इंडिया अठावले गुट के अध्यक्ष रामदास अठावले ने महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार के नेतृत्व में भाजपा- राकांपा सरकार के गठन पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के किसानों के हित में यह फैसला हुआ है।
केंद्रीय मंत्री अठावले ने शनिवार को बिहार की राजधानी पटना में मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा बड़ी खिलाड़ी है। उसने शिवसेना को अच्छा सबक सिखाया हैै। राष्ट्रवादी कांग्रेस नेता अजित पवार के साथ सरकार बनाकर कांग्रेस को झटका दिया और शिवसेना को लटका दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजनीति के मंजे खिलाड़ी हैं। विराट कोहली की तरह सधे हुए शाॅट खेलते हैं। मैं भी उन्हीं की टीम का एक खिलाड़ी हूं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी तो टूट ही गई है, शिवसेना के भी विधायक टूटेंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में फडणवीस की सरकार पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि पटना-गया रोड को फोरलेन बनाने के लिए वह केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखेंंगे। उन्होंने कहा देश विदेश से गया आने वाले पर्यटकों के लिए यह जरूरी है।
केंद्रीय सामाजिक अधिकारिता राज्यमंत्री अठावले ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और बिहार में नीतीश कुमार की सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम कर रही है। बिहार में अच्छा काम हो रहा है। इसके चलते यहां से रोजगार की तलाश में अब कम लोग महाराष्ट्र और गुजरात जा रहे हैं। एक सवाल के जवाब में अठावले ने कहा कि राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के उपेंद्र कुशवाहा का एनडीए छोडऩे का फैसला सही नहीं था। उन्हें एनडीए में बने रहना चाहिए था।