केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद बोले- नए कृषि कानून से बढ़ेगी आय, विपक्ष कर रहा झूठ की खेती
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बख्तियारपुर प्रखंड के टेकाबीघा गांव में कहा है कि नए कृषि कानूनसे किसानों की आय बढ़ेगी। किसान कहीं किसी भी बाजार में अपनी फसल का अनाज बेच सकते हैं। विपक्षी झूठ की खेती कर रहा है।
संवाद सूत्र, बख्तियारपुर: किसान कहीं किसी भी बाजार में अपनी फसल का अनाज बेच सकते हैं। नए कृषि काननू से किसानों की आय बढ़ेगी। विपक्षी झूठ की खेती कर रहे हैं। ये बातें रविवार को केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बख्तियारपुर प्रखंड के टेकाबीघा गांव के समीप आयोजित किसान सम्मेलन में कहीं।
80 करोड़ लोगों को पांच किलो चावल
केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने नए कृषि कानून से होने वाले फायदों के बारे में कहा कि हमारी सरकार गरीबों एवं किसानों के लिए काम करती है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसान सम्मान योजना लागू की। इसके तहत 80 लाख किसानों को आठ हजार करोड़ रुपये दिए गए। कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों को पांच किलो चावल, गेंहू व दाल केंद्र सरकार ने उपलब्ध कराया। किसान अब मंडी, पैक्स, व्यापार मंडल समेत किसी भी बाजार में फसल बेचने जा सकते हैं। कॉन्ट्रेक्ट फार्मिंग पर भी कोई किसानों की जमीन लेगा तो उसका कोई अधिकार नहीं होगा। इस अवसर पर केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने विपक्ष पर जमकर हमला किया। उन्होंने किसानों को भड़काने का आरोप लगाया।
सभी जिलों में किसान सम्मेलन और चौपाल का आयोजन
कार्यक्रम में बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि बिहार के सभी जिलों में किसान सम्मेलन और चौपाल का आयोजन होगा। बख्तियारपुर से रविवार को कार्यक्रम का शुरू हुआ। 25 दिसंबर तक बिहार में 99 किसान सम्मेलन और 243 किसान चौपाल लगाई जाएंगी। कहा कि पंजाब की सरकार किसानों के अनाज पर टैक्स वसूलती है, इसलिए कृषि कानून का विरोध कर रही है। गर्व की बात है कि मिनिमम एमएसपी से ज्यादा दरों पर अनाज खरीद सकते हैं। इसमें किसानों का भला होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक रणविजय सिंहउर्फ लल्लू मुखिया एवं संचालन जिलाध्यक्ष डॉ. सियाराम सिंह ने किया। मौके पर विधायक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह ज्ञानू व विधायक संजीव चौरसिया आदि मौजूद रहे।