पटना के बिहटा में अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को रौंदा, एक की घटना स्थल पर मौत
बिहटा-खगौल मुख्य मार्ग पर गुुरुवार को अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को रौंद दिया। हादसे में चाचा की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
पटना, जेएनएन। बिहटा-खगौल मुख्य मार्ग पर विष्णुपुरा साईं मंदिर के पास गुुरुवार को अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को रौंद दिया। हादसे में चाचा की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि भतीजे को गंभीर अवस्था में अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान भोजपुर के संदेश निवासी भरत मौआर के पुत्र उत्तम कुमार (35) के रूप में हुई है। जबकि राकेश सिंह का पुत्र मुकुल कुमार (17) गंभीर रूप से घायल है। उत्तम व्यापार मंडर के मैनेजर थे। उनकी डेढ़ साल पहले हुई शादी से उन्हें डेढ़ माह की बच्ची है। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भोजपुर के रहने वाले थे मृतक
मृतक उत्तम कुमार भोजपुर के संदेश निवासी थे। उनकी बहन का पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव में ससुराल है। गुरुवार को वे अपने बहनोई देवकुमार सिंह से मिलकर बाइक से भजीजे के साथ भोजपुर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वे बिहटा-खगौल मुख्य मार्ग पर विष्णुपुरा साईं मंदिर के पास पहुंचे कि पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टकराने के बाद ट्रक चालक उत्तम को कुचलते हुए भाग निकला। हादसे में उत्तम की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठे मुकुल कुमार को गंभीर अवस्था में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
डेढ़ वर्ष पहले ही हुई थी शादी
हादसे से मृतक के घर में मातम पसर गया है। उत्तम कुमार की डेढ़ साल पहले ही पटना के जानीपुर में शादी हुई थी। उसकी पत्नी जूही से उसे डेढ़ माह की बच्ची है। मौत के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी तो घटना की सूचना पाकर कई बार बेसुध हो चुकी है।