बक्सर में बेलगाम ट्रक ने महिला को कुचला, औरंगाबाद में सड़क हादसे में एक की मौत
बक्सर के के काजीपुर बड़का सिंहनपुरा मुख्य पथ पर बंझू के बगीचे के समीप सोमवार मॉर्निंग वॉक पर निकलीं 60 वर्षीय मानती देवी बेलगाम ओवरलोडेड ट्रक की चपेट में आ गईं। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
बक्सर, जेएनएन। सिमरी थाना क्षेत्र के काजीपुर बड़का सिंहनपुरा मुख्य पथ पर बंझू के बगीचे के समीप सोमवार मॉर्निंग वॉक पर निकलीं 60 वर्षीय मानती देवी बेलगाम ओवरलोडेड ट्रक की चपेट में आ गईं। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के क्रम में महिला ने दम तोड़ दिया। मृतक महिला काजीपुर गांव निवासी ललन यादव की पत्नी बताई जाती है। वहीं औरंगाबाद में भी दर्दनाक हादसा हुआ। मदनपुर में जीटी रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में घायल दो युवकों का इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक ने दम तोड़ दिया।
बक्सरः सुबह टहलने निकली थी महिला
जानकारी के अनुसार मानती देवी सुबह में काजीपुर बड़का सिंहनपुरा मुख्य पथ पर टहलने के लिए निकली थीं। जैसे ही वह बंझू के बगीचे के समीप पहुंचीं सामने से बालू लेकर आ रही ट्रक की चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हो गईं। घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक लेकर भागने का प्रयास किया। मगर संतुलन खो जाने के कारण वह खाई में पलट गई। इसके पश्चात वाहन को वहीं छोड़ चालक और खलासी दोनों फरार हो गए।
ट्रक से बरामद हुई शराब की बोतलें
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक से शराब की भी कुछ बोतलें भी बरामद हुई हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की जा रही है। बहरहाल इस मामले में जब थानाध्यक्ष राहुल कुमार से संपर्क स्थापित किया गया उन्होंने बताया कि ट्रक पुलिस के कब्जे में है तथा मृतक महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद से मृतक महिला के परिवार में कोहराम मचा है। रो-रो कर सब का हाल बेहाल है। आसपास के लोग व सगे संबंधी लाख सांत्वना दे रहे थे, लेकिन स्वजनों हृदय विदारक क्रंदन थमने का नाम नहीं ले रहा था।