बिहार: अनियंत्रित ट्रक ने छह कांवरियों को कुचला, चार की मौत दो घायल
सासाराम में एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़े छह कांवरियों को कुचल डाला जिसमें चार कांवरियों की मौके पर ही मौत हो गई वहीं दो कांवरिया घायल हो गए हैं।
सासाराम [जेएनएन]। सासाराम जिले के चेनारी थानाक्षेत्र के खुर्माबाद गांव के समीप जीटी रोड पर एक ट्रक ने सड़क किनारे पिकअप वैन बनवा रहे छह कांवरियों को कुचल डाला जिसमें चार कांवरियों की मौके पर ही मौत हो गई और दो कांवरिये घायल हो गए। सभी कांवरिए गुप्ताधाम से सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक कर लौट रहे थे। मृतकों में भोजपुर जिले के आरा थांना के बेलांव निवासी राम रतन, देव, मुकेश व अमिताभ शामिल हैं।
चेनारी थानाध्यक्ष कुमार गौरव ने बताया कि सभी कांवरिया एक पिकअप वैन पर सवार होकर चेनारी के गुप्ता धाम से जलाभिषेक कर लौट रहे थे। इसी बीच टिकारी के पास जीटी रोड पर उनकी पिकअप वैन पंक्चर हो गई। सड़क के किनारे खड़े होकर वे पिकअप वैन को ठीक करवाने लगे।
तभी विपरीत दिशा से आ एक कंटेनर ट्रक ने सड़क किनारे खड़े कांवरियों को कुचल डाला जिसमें घटनास्थल पर ही चार की मौत हो गई जबकि दो कांवरिया घायल हो गए। घायल कांवरियों को पास के ही एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक कांवरियों के शव को बरामद कर लिया है। कंटेनर और चालक की तलाश की जा रही है।