बिहार में निवेश करेगा UAE, फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर के लिए उद्योग विभाग के साथ MOU
बिहार में एकीकृत कृषि-खाद्य एवं फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर विकसित करने के लिए उद्योग विभाग ने ऐम ग्लोबल फाउंडेशन के साथ ...और पढ़ें

Bihar–UAE Partnership। File Photo
HighLights
उद्योग विभाग और ऐम ग्लोबल फाउंडेशन ने किया एमओयू।
यूएई के निवेश से बिहार में बनेगा फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर।
बिहार खाड़ी देशों की खाद्य आपूर्ति का प्रमुख केंद्र बनेगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के निवेश से एकीकृत कृषि-खाद्य एवं फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर विकसित किया जाएगा। इसके लिए मंगलवार को उद्योग विभाग ने ऐम ग्लोबल फाउंडेशन के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है। दुबई में आयोजित वार्षिक निवेश बैठक कांग्रेस-2026 के दौरान यह एमओयू हुआ।
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और ऐम ग्लोबल फाउंडेशन के अध्यक्ष एचई दाऊद अल-शेजावी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह और उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि इस एमओयू के अंतर्गत ऐम ग्लोबल फाउंडेशन और उद्योग विभाग मिलकर एक एकीकृत कृषि-खाद्य एवं फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर विकसित करने की दिशा में कार्य करेंगे।
इसके लिए यूएई एवं खाड़ी क्षेत्र की कंपनियों, संस्थानों और निवेशकों से निवेश आकर्षित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बिहार की कृषि क्षमता का लाभ उठाते हुए राज्य को खाड़ी देशों की खाद्य आपूर्ति श्रृंखला के लिए एक प्रमुख सोर्सिंग एवं प्रोसेसिंग हब के रूप में स्थापित करना है।
श्रेयसी सिंह ने कहा कि यूएई के निवेश से विकसित होने वाला समर्पित फूड प्रोसेसिंग पार्क हमारे किसानों और उद्योगों को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं से जुड़ने में सहायता करेगा।
कुंदन कुमार ने कहा कि यह एमओयू फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में बिहार और यूएई के निवेशकों के बीच संरचित सहयोग की मजबूत नींव रखता है। हम ऐम ग्लोबल फाउंडेशन के साथ मिलकर ठोस निवेश अवसरों की पहचान करने और इस साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
