आरा से रोहतास जा रहे बाइक सवार दो युवक आए ट्रक की चपेट में, एक की घटनास्थल पर ही मौत
आरा-सासाराम हाइवे पर मंगलवार सुबह अमंगलकारी घटना में एक घर का चिराग बुझ गया। बाइक से गांव जा रहे दो युवकों को ट्रक ने कुचल दिया। इसमें एक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरा, जागरण संवाददाता। Road Accident in Ara: भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-सासाराम स्टेट हाइवे पर नगरांव मोड़ के समीप मंगलवार की सुबह ट्रक व बुलेट की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में बुलेट पर सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी युवक को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया है। उधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया है।
दोस्तों के साथ जा रहे थे डैम घूमने
जानकारी के अनुसार मृतक रोहतास जिला के नवादा गांव के निवासी सीआरपीएफ जवान का 20 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार है। वर्तमान में नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा मोहल्ले में किराये के मकान में रहते थे। जख्मी उसका दोस्त नवादा थाना क्षेत्र के बहिरो गांव निवासी जितेंद्र कुमार महतो का 20 वर्षीय पुत्र मोनू कुमार है। मोनू कुमार ने बताया कि वह पांच अन्य दोस्तों के साथ रोहतास जिले में स्थित करचम डैम घूमने के लिए जा रहा था। जाने के क्रम में वह आकाश की बुलेट पर पीछे बैठा हुआ था। जबकि दो अलग-अलग बाइक पर चार अन्य दोस्त भी सवार थे। जैसे ही उसकी बाइक नगरांव मोड़ के समीप पहुंची तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उनके बुलेट में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसके दोस्त आकाश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
बताया जाता है कि मृतक आकाश कुमार के पिता उमेश प्रसाद सीआरपीएफ हवलदार के पद पर हैं। वर्तमान में झारखंड के रांची में कार्यरत हैं। मृतक अपने मां-बाप की इकलौती संतान था। मृतक के परिवार में सिर्फ मां प्रतिमा देवी है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतक की मां प्रतिमा देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छत से गिरने से मजदूर की मौत
बिहिया थाना क्षेत्र के चारघाट गांव में सोमवार को घर में मजदूरी करने के दौरान छत से गिरने से एक मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक 35 वर्षीय सूरज कुमार यादव चारघाट निवासी रामनवाज यादव के पुत्र थे। पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राजू ओझा द्वारा घटना की सूचना स्थानीय थाना को दी गई। इसके बाद स्वजनों द्वारा मृतक के शव को अंत्यपरीक्षण के लिए आरा ले जाया गया। बिहिया थाना क्षेत्र के चारघाट गांव सोमवार को सूरज मजदूरी करने गए थे। छत पर काम कर रहे थे कि उसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे नीचे गए। जिसके बाद आसपास के लोगो द्वारा इलाज के लिए चिकित्सक के पास ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि कुछ ही देर बाद मजदूर सूरज ने दम तोड़ दिया। मृतक सूरज अपने चार भाइयो में तीसरे नंबर पर थे। शादीशुदा सूरज के तीन संताने है ।जिसमे दो लड़के और लड़की है। परिवार का जीविकोपार्जन मजदूरी से चलते थे।