पटना में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो महिलाओं की मौत, बेगूसराय में अधेड़ मरा Patna News
पटना और बेगूसराय में हुई सड़क दुर्घटनाओं में तीन की जान चली गई। इसमें दो महिलाएं पटना में मरीं तो अधेड़ ने बेगूसराय में दम तोड़ दिया।
पटना, जेएनएन। राजधानी में मंगलवार को अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों अपने पुत्र के साथ बाइक से कहीं जा रही थीं। बिहटा-खगौल मुख्य मार्ग और मनेर में हुए हादसे में दो युवक और एक युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। इसी तरह बेगूसराय में हुई एक दुर्घटना में एक अधेड़ की मौत हो गई।
हादसे में मां की मौत, बेटा-बेटी घायल
बिहटा-खगौल मुख्य मार्ग में मोहम्मदपुर पेट्रोल पंप के समीप तेज गति से आ रही डंफर ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटा और बेटी को धक्का मार दिया। हादसे में मां की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं मृतका के बेटा और बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतका की पहचान बेला निवासी हीरालाल वर्मा की पत्नी राजकुमारी देवी (55) और घायल की पहचान उनके पुत्र रंजन कुमार (25) पुत्री राधा कुमारी ( 27) के रूप में की गई है। घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित होकर सड़क पर आगजनी कर हंगामा शुरू कर दिया है।
डंफर ने महिला का रौंदा
इसी तरह मनेर में हुई एक दुर्घटना में महिला को डंफर ने रौंद दिया। इससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान रूपसपुर निवासी के रूप में हुई है। वो अपने पुत्र के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं जा रही थी। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दो बाइक की टक्कर में अधेड़ की मौत
बेगूसराय, जेएनएन। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव के समीप मंगलवार की सुबह आमने-सामने बाइक की टक्कर में घटनास्थल पर ही अधेड़ की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई है। आनन- फानन में स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी क्लिनिक में भर्ती कराया है। जहां दूसरे की हालत भी नाजुक बताई जाती है। मृतक व घायल की पहचान नहीं हो सकी है।
विपरीत दिशा ने आ रही थी बाइक
मिली जानकारी के अनुसार मोहनपुर गांव के आठवां ढाला के समीप विपरीत दिशा से आ रहे दो बाइक सवार तेज रफ्तार होने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके। इससे दोनों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर कर तड़पने लगे। आस-पास के लोगों ने मौके पर पहुंच पुलिस को जानकारी देते हुए घायलों को बेहोशी की हालत में निजी वाहन से इलाज के लिए बेगूसराय भेजा। जहां एक की मौत हो गई।