लॉकडाउन लागू होने के बाद पटना एयरपोर्ट पहुंचे एयर इंडिया के दो स्पेशल विमान
लॉकडाउन लागू होने के बाद शुक्रवार को पहली बार पटना एयरपोर्ट पर दो यात्री विमान पहुंचे।
पटना। लॉकडाउन लागू होने के बाद शुक्रवार को पहली बार पटना एयरपोर्ट पर दो यात्री विमान उतरे एवं उड़ान भरी। दोनों ही एयर इंडिया के थे। इन्हें ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने हायर किया था। फ्लाइट संख्या 1731 ने शुक्रवार सुबह 7:00 बजे मुंबई से उड़ान भरी और 9.15 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंची। दूसरा विमान शाम 5.45 की बजाय 20 मिनट पहले 5.25 बजे पटना एयरपोर्ट पर 110 इंजीनियरों व कर्मचारियों को लेकर पहुंचा। यहां से इसे खाली मुंबई भेजा गया। जबकि पहला विमान मुंबई से खाली ही पटना पहुंचा था। विमान में शारीरिक दूरी का ख्याल रखते हुए बीच वाली सीट को खाली रखा गया था। विमान से जाने वाले ओएनजीसी के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को सुबह साढ़े छह बजे ही रिपोर्ट करने को कहा गया था। पहले 110 कर्मियों के जाने की बात कही गई थी परंतु 105 ही एयरपोर्ट पहुंचे थे। सारे यात्रियों व उनके लगेज को पहले सैनिटाइज कराया गया। थर्मल स्क्रीनिंग कर सिक्योरिटी जांच के लिए अंदर भेजा गया। हालांकि थोड़ी लापरवाही स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से दिखी।
ओएनजीसी कर्मी व अधिकारी तो सुबह साढ़े छह बजे ही एयरपोर्ट पहुंच गए परंतु जांच टीम आठ बजे के आसपास। यात्रियों को केवल हैंडबैग ही ले जाने की इजाजत दी गई थी। सभी ने मास्क और ग्लव्स पहने थे। यात्रियों को मोबाइल में अनिवार्य रूप से आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करके रखना था।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों में शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए टर्मिनल परिसर में छह-छह फीट की दूरी पर गोले बनाए हैं। शाम 5:25 बजे पहुंचने वाली फ्लाइट संख्या 1673 से मुंबई में फंसे बिहार के करीब 110 ओएनजीसी अधिकारी और कर्मचारी पटना पहुंचे। सभी यात्रियों की स्क्री¨नग कराने के बाद उन्हें बसों व कारों से घर पहुंचाया गया। खाली विमान ने पटना एयरपोर्ट से खाली ही मुंबई के लिए उड़ान भरी।