पटना में मॉर्निंग वॉक पर निकले दो को ट्रक ने रौंदा, मौत के बाद आक्रोशितों ने NH-80 किया जाम Patna News
पटना के मोकामा में बुधवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले दो को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। इससे घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
पटना, जेएनएन। राजधानी में बुधवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मोकामा प्रखंड के पंचमहला ओपी के निकट ट्रक ने दो को रौंद दिया। इससे एक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना सुबह करीब 6 बजे हुई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने शव को रखकर एनएच-80 को जाम कर दिया। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। बवाल के कारण हाथीदह-लक्खीसराय मार्ग पर करीब दो घंटे तक परिचालन बाधित रहा। मृतक की पहचान राजेंद्र सिंह (70) के रूप में हुई है। जबकि घायल जगत किशोर सिंह हैं। दोनों का पंचमहला में घर था। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे दोनों
बताया जाता है कि मोकामा प्रखंड के पंचमहला ओपी पर बुधवार की सुबह करीब छह बजे दो लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से एक अनियंत्रित ट्रक भी आ रहा था। जिसने दोनों को रौंद दिया। हादसे में राजेंद्र सिंह की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे को गंभीर हालत में पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना घना कोहरा होने के कारण हुई। इससे चालक राहगीर को देख नहीं पाया और हादसा हो गया।
हादसे के बाद पलटा ट्रक
टक्कर मारने के बाद ट्रक पलट गया। जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। दो-दो लाख मुआवजा देने की मांग करते हुए एनएच-80 पर परिचालन पूरी तरह से रोक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को भी आक्रोशित लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। ट्रक के पलटने से करीब चार घंटे तक परिचालन बाधित रहा।