पटना की सोन नहर में नहाने गए चार लड़के डूबे, दो नाबालिगों की मिली लाश
पटना में रविवार की सुबह पालीगंज के महाबलिपुर गांव में स्थित सोन नदी में चार लड़के डूब गए। घटना में दो नाबालिगों की मौत हो गई है।
पटना, जेएनएन। पटना में रविवार की सुबह पालीगंज की नहर में नहाने गए चार लड़के डूब गए। घटना के बाद वहां सनसनी मच गई। घाट किनारे खड़े लोगों ने चिल्लाया तो पानी में कूद मछुवारों द्वारा लड़कों की तलाश की जाने लगी। इसमें दो नाबालिगों को बरामद कर लिया गया। जब तक उन्हें पानी से निकाला जाता दोनों की सांसे थम चुकीं थीं। जबकि दो अन्य को मछुवारों ने नहर से सुरक्षित निकाल लिया।
घटना पालीगंज के महाबलिपुर गांव की है। बताया जाता है कि यहां स्थित सोन नहर में सुबह चार लड़के नहाने आए थे। देखते ही देखते चारों नहर के गहरे पानी में चले गए। लोगों ने उन्हें मना भी किया पर वे नहीं माने। कुछ देर बार घाट किनारे खड़े लोगों की नजर पड़ी तो देखा कि चारों डूब रहे हैं। इस पर पानी में मछुवारे कूदे। कड़ी मशक्कत के बाद कमलेश शर्मा पुत्र चंद्राशु शर्मा (14) और दीपक कुमार पाठक पुत्र आदित्य कुमार पाठक (17) की लाश नहर से बरामद की गई।
जबकि अन्य दो को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि सूचना देने के बाद भी प्रशासन की तरफ से कोई नहीं आया। मछुवारों ने कड़ी मशक्कत कर दो लड़केों को तो बचाया मगर दो की जान चली गई। लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ध्यान देते तो दो की जान न जाती।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप