जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड का साक्षात्कार देने पटना आ रहे युवक को ट्रक ने रौंदा
राजधानी के पहाड़ी संप हाउस के पास हादसा।
पटना सिटी : जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड बांका के सदस्य पद के लिए शुक्रवार को होने वाले साक्षात्कार के लिए पटना आ रहे 36 वर्षीय बांका निवासी यशवंत कुमार की तेज रफ्तार ट्रक के धक्के से गुरुवार की देर रात मौत हो गयी। वह बाढ़ से बाइक से दोस्त के साथ पटना आ रहे थे। जीरो माइल यातायात थाना अंतर्गत पहाड़ी संप हाउस के समीप हुए ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के पीछे बैठे यशवंत की मौत हो गई। बाइक चला रहे दोस्त अश्वनी कुमार को मामूली चोट आई है। यातायात थाना प्रभारी वीरेंद्र राम ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम नालंदा मेडिकल कॉलेज में कराकर परिजन को सौंप दिया गया है।
पोस्टमॉर्टम स्थल पर मौजूद यशवंत के चाचा सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि अशोक कुमार मिश्रा के पुत्र अधिवक्ता यशवंत कुमार गुरुवार की सुबह करीब 10:30 बजे भागलपुर -बांका-राजेंद्रनगर इंटरसिटी ट्रेन से घर से चले थे। बाढ़ में बांका निवासी अपने मित्र अश्वनी कुमार के यहां उतरे। वहां से उनके साथ बाइक से पटना के लिए रात में ही रवाना हुए। गुरुवार रात करीब 11 बजे बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने पहाड़ी के समीप जोरदार टक्कर मार दी। यशवंत बाइक के पीछे बैठे थे।
- - - - - - -
: इकलौते पुत्र की मौत से मातम, दो मासूम को पीछे छोड़ा :
बांका मेन रोड स्थित ठाकुरबाड़ी के समीप रहने वाले किसान अशोक कुमार मिश्रा के इकलौते पुत्र यशवंत की अचानक मौत की खबर से मोहल्ले में मातम पसर गया। चाचा ने बताया कि वह शव लेकर बांका जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यशवंत शुरू से ही पढ़ने में तेज और मिलनसार था। मौत के बाद पत्नी रूपम कुमारी और घर वालों का रो- रोकर बुरा हाल है। यशवंत का छह वर्षीय बेटा विनायक बांका में ही यूकेजी में पढ़ता है। दूसरा बेटा जय मिश्रा अभी डेढ़ साल का ही है। यशवंत की एक बहन है।