अशोक राजपथ पर बालू-गिट्टी से लग रहा जाम
पटना सिटी में जाम से नागरिक परेशान हैं।
पटना सिटी। अशोक राजपथ पर घनी आबादी के बीच बालू लदे दर्जनों ट्रैक्टर नो इंट्री के दौरान यमदूत बनकर पटना सिटी की सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इससे जाम की समस्या गहरा रही है। मुख्य मार्ग पर गिरे बालू पर फिसल कर राहगीर चोटिल हो रहे है। प्रतिदिन मुख्य मार्ग पर सफाई के दौरान सफाईकर्मी बालू निकाल रहे हैं। पटना उच्च न्यायालय का आदेश सिटी के थानों पर बेअसर है।
-आधा दर्जन की हो चुकी है मौत
तीन वर्षो के अंदर ट्रैक्टर दुर्घटना में सिटी के आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। दर्जनों लोग दुर्घटनाग्रस्त हो अपंग हो गए। अवैध ट्रैक्टर ट्रालियों से शहरी क्षेत्र में दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है।
-सीएम ने गीले बालू ढोने वाले ट्रैक्टरों पर लगाया था प्रतिबंध
खनन एवं भूतत्व विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अवैध खनन पर प्रतिबंध लगा बालू ढो रहे ट्रैक्टरों पर ओवर लोडिग व गीले बालू ढोने वाले ट्रैक्टरों पर प्रतिबंध लगाने के लिए कानूनी कार्रवाई करने की बात कही थी। सीएम ने कहा कि गीले बालू से सड़कें खराब हो रही हैं। इधर सिटी क्षेत्र में नियमों की धज्जी उड़ रही है।
-बाइक सवार व राहगीर हो रहे दुर्घटनाग्रस्त
तख्त श्री हरिमंदिर से तीन किलोमीटर की परिधि में अशोक राजपथ पर एक दर्जन स्थानों पर बिखरे बालू से बाइक सवार तथा राहगीर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।मालसलामी व दीदारगंज थाना क्षेत्र में नो-इंट्री में धड़ल्ले से बालू लदा ट्रैक्टरों का धड़ल्ले से परिचालन जारी है। कई बार बालू में चक्का फिसल जाने बाइक सवार जख्मी हो जाते हैं। सुलतानगंज थाना से दीदारगंज थाना के बीच अशोक राजपथ किनारे एक दर्जन स्थानों पर बालू, गिट्टी के ढेर अक्सर दिखते हैं।
-कृषि से जुड़े ट्रैक्टर ढो रहे निर्माण सामग्री
बिना सुरक्षा मानक के दौड़ रहे ट्रैक्टर व ट्रालियों से हो रही दुर्घटना के कारण जन हानि हो रही है। सूत्रों की माने तो बेधड़क दौड़ने वाले कई ट्रैक्टर व ट्रालियों को कृषि उपज ढोने की अनुमति दी गई है। कृषि कार्यो की जगह इनका उपयोग बालू, मिट्टी तथा व्यवसायिक मंडियों में ढोए जाने वाले सामानों में किया जा रहा है। इसके अलावा बिना लाइसेंस के दर्जनों नाबालिग चालक बालू लदे ट्रैक्टरों को धड़ल्ले से अशोक राजपथ पर चला रहे हैं।