Top Patna News Of The Day यहां पढ़ें पटना यूनिट की टॉप खबरें
बिहार की राजधानी पटना में रविवार की दोपहर मुख्यमंत्री आवास के बाहर एक युवक ने खुद को आग के हवाले कर लिया। घटना के बाद हड़कम्प मच गया है। क्या है पूरा मामला जानिए यहां।
Top Patna News, 09 February Patna News, Top Patna News of the day, पटना की प्रमुख खबरें, पटना की टॉप खबरें।
सीएम आवास के बाहर आत्मदाह का प्रयास
पटना, जेएनएन। पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास के बाहर रविवार की दोपहर एक युवक ने खुद को आग लगा ली। जबतक आग विकराल रूप लेती सीएम हाउस के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों ने आग पर काबू पाते हुए युवक को बचा लिया। युवक की पहचान अभिजीत शर्मा के रूप में हुई है, घटना में उसका हाथ जल गया है। पुलिस ने घायल युवक को हिरासत में ले लिया है, उसका इलाज निजी नर्सिंग होम में चल रहा है।
बक्सर से कैमूर पुलिस ने बाइक चोरों को किया गिरफ्तार
बक्सर, जेएनएन। वाहन चोरों का बक्सर केंद्र बन गया है। जिले रोज वाहन चोरी की घटना तो हो ही रही है, यहां के शातिर पड़ोसी जिलों में भी उत्पात मचा रहे हैं। बाइक चोरी के एक मामले में शनिवार की देर रात कैमूर पुलिस ने राजपुर थाना के तिवाय गांव से चोरी की बाइक के साथ तीन युवकों को पकड़ा। कैमूर के नुआंव थाने की पुलिस गिरफ्तार आरोपितों को अपने साथ ले गई।
माही पूर्मिमा पर श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान
सनातन धर्मावलंबियों के पवित्र मास माघ की पूर्णिमा रविवार को मनाई गई। माघी पूर्णिमा के मौके पर राजधानी में सुबह से ही श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाते रहे। बड़ी संख्या में लोगों ने पटना के गंगाघाटों पर पहुंचकर स्नान किया। स्नान के बाद दान-पुण्य भी किया गया। दिन चढ़ने के साथ घाटों पर लोगों का जुटान होता गया, जो देर शाम तक जारी रहा।
सड़क हादसे में महिला की मौत, तीन घायल
बेगूसराय, जेएनएन। जिले में रविवार की अहले सुबह फुलवड़िया थानाक्षेत्र अंतर्गत NH-28 स्थित मालती के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप के पलटने से कई लोग वाहन के नीचे दब गए। दुर्घटना में एक महिला की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक की पहचान मधुबनी जिला निवासी लालबहादुर राम की लगभग 55 वर्षीय पत्नी सुजान देवी के रूप में की गई है। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों का जब्त कर लिया है।
नगर निगम के वार्ड 26 के वार्ड पार्षद के लिए पड़े वोट
पटना, जेएनएन। पटना नगर निगम के वार्ड 26 के वार्ड पार्षद चुनाव के लिए मतदान रविवार की सुबह सात बजे से शुरू हुआ। अपराह्न् चार बजे तक की जाने वाली वोटिंग के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग वोट डालने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचते रहे। शाम बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में कंजू देवी व नीता राय के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है।
हड़ताल टूटने के बाद हुई जमकर सफाई
पटना, जेएनएन। पटना नगर निगम के सफाईकर्मियों ने शनिवार की शाम छह दिनों से जारी अपनी हड़ताल खत्म कर दी। देर शाम से ही सफाईकर्मी विभिन्न वार्डों की मुख्य सड़कों और मोहल्लों में फैले कूड़े-कचरे के ढेर को समेटने में लग गए थे। राजधानी में रविवार को सुबह से ही सफाई का काम भी शुरू किया गया। शहर के गली-मुहल्लों से लेकर मुख्य सड़कों पर झाड़ू लगाई गई। साथ ही छह दिनों से इकट्ठा कूड़े को उठाया गया।