विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 28, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बिहार का सहरसा बना नगर निगम, मनेर, झाझा, इस्लामपुर समेत छह बने नगर परिषद

By Akshay PandeyEdited By:
Published: Tue, 28 Dec 2021 03:53 PM (IST)Updated: Tue, 28 Dec 2021 06:39 PM (IST)

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 14 प्रस्ताव मंजूर किए गए। राज्य में ...और पढ़ें

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। जागरण आर्काइव।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। जागरण आर्काइव।

राज्य ब्यूरो, पटना : राज्य कैबिनेट ने शहरीकरण को देखते हुए तीन नए नगर निकायों के गठन को स्वीकृति दी है। पूर्वी चंपारण में घोड़ासहन, बक्सर में इटाढ़ी और मुंगेर में संग्रामपुर नगर पंचायत का गठन किया गया है। इसके साथ ही सहरसा नगर परिषद को उत्क्रमित कर नगर निगम का दर्जा दिया गया है। यह राज्य का 19वां नगर निगम होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में छह नगर पंचायतों को उत्क्रमित कर नगर परिषद का दर्जा दिया गया। पटना का मनेर, लखीसराय का बड़हिया, जुमुई का झाझा, मधुबनी का झंझारपुर, नालंदा का इस्लामपुर और दरभंगा का जाले अब नगर परिषद कहलाएगा। इसके साथ ही कैबिनेट ने छपरा नगर निगम और मुजफ्फरपुर नगर निगम के क्षेत्र विस्तार को भी मंजूरी दे दी। दोनों ही नगर निगम में अब आसपास के नए इलाकों को शामिल कर शहर को वृहद रूप दिया जाएगा। कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब कुल नगर निकायों की संख्या 262 हो गई है। इसमें 19 नगर निगम, 89 नगर परिषद और 154 नगर पंचायत शामिल हैं।

सात नगर निकायों के क्षेत्र व नाम में संशोधन

कैबिनेट ने सात नगर निकायों के क्षेत्र व नाम में भी संशोधन को स्वीकृति दी है। पश्चिम चंपारण के नगर पंचायत योगापट्टी का नाम बदलकर नगर पंचायत मच्छरगांवा किया गया है। दरभंगा के नगर पंचायत कमतौल में ग्राम पंचायत अहियारी दक्षिणी व गेसरी को सम्मिलित किया गया है। अब इसका नया नाम कमतौल अहियारी होगा। मधुबनी नगर निगम में ग्राम पंचायत मंगरौनी उत्तरी का वार्ड संख्या एक एवं दो तथा ग्राम पंचायत रघुनी देहट का वार्ड संख्या आठ से 13 को शामिल किया गया है। 

राजगीर नगर परिषद में नई पोखर ग्राम पंचायत के ग्राम नई पोखर, बालवापर, लक्ष्मीपुर, लहुआर, पोखरपर, गाजीपुर, सौरेय, रामहरि पिंड और उजरपुर, ग्राम पंचायत गोरौर का ग्राम कटारी, ग्राम पंचायत पथरौरा का ग्राम बड़हरी, तिलैया, उदयपुर, पथरौरा, नोन्ही तथा ग्राम पंचायत नाहुब का ग्राम नाहुब एवं बेलौआ को सम्मिलित किया गया है। दरभंगा के जाले नगर पंचायत में ग्राम पंचायत कतरौल बसंत व ग्राम पंचायत दोघड़ा के आंशिक भाग को सम्मिमित कर ग्राम परिषद का दर्जा दिया गया है। नवादा के हिसुआ में ग्राम रेपुरा सिरसा को जोड़े जाने को स्वीकृति दी गई है। इसी तरह किशनगंज के नगर पंचायत पौआखाली में राजस्व ग्राम पैकपाड़ा, एवं पेटभरी को शामिल किया गया है। नगर परिषद शिवहर में ग्राम सुंदरपुर को सम्मिलित किया गया है। 

02 नगर निकायों का क्षेत्र विस्तार 

छपरा नगर निगम और मुजफ्फरपुर नगर निगम का क्षेत्र विस्तार।

03 नए नगर पंचायतों का गठन : 

पूर्वी चंपारण का घोड़ासहन, बक्सर का इटाढ़ी और मुंगेर का संग्रामपुर। 

07 नगर निकायों का उत्क्रमण

नगर परिषद सहरसा बना नगर निगम।

नगर पंचायत मनेर बना नगर परिषद।

नगर पंचायत बड़हिया बना नगर परिषद।

नगर पंचायत झाझा बना नगर परिषद।

नगर पंचायत झंझारपुर बना नगर परिषद।

नगर पंचायत इस्लामपुर बना नगर परिषद।

नगर पंचायत जाले बना नगर परिषद।