पटनाः बेटे ने 'पापा' बोल खोल दी बाप की पोल, एक-एककर सामने आईं तीन पत्नियां और पांच बच्चे
पटना में एक शादी का शौकीन मिला है। एक नहीं दो नहीं तीन शादियां। तीसरी पत्नी को शक हुआ तो पति की हरकतों पर गौर करने लगी। सच सामने आ गया। दूसरी पत्नी के बेटे ने पापा बोल बाप की पोल खोल दी।
संवाद सूत्र, पुनपुन: शौक बड़ी चीज है। लोगों को कैसे-कैसे शौक होते हैं। पटना में एक शादी का शौकीन मिला है। एक नहीं, दो नहीं, तीन शादियां। यानी 21 फेरे। 21 जन्मों के साथ का वादा। अब कैसे पूरा होगा? तीसरी पत्नी को शक हुआ तो पति की हरकतों पर गौर करने लगी। सच सामने आ गया। दूसरी पत्नी के बेटे ने पापा बोल बाप की पोल खोल दी। आरोपित युवक पर पटना के पुनपुन में 420 का मामला दर्ज किया गया है।
तीन शादियों से हैं पांच बच्चे
आरोपित युवक पोठही गांव का संजय कुमार पासवान है। युवक ने पहली शादी कुछ वर्ष पूर्व काशीनगर धनरुआ निवासी बेबी देवी के साथ हुई, जिससे उसे तीन बच्चे हैं। वहीं दूसरी शादी ममता के साथ की, जिससे उसे एक पुत्र है। वहीं तीसरी शादी जटडुमरी के रहने वाली पुष्पी कुमारी के साथ की, जिससे भी उसे एक पुत्र है।
झूठ व झांसा देकर किया विवाह
जानकारी के मुताबिक पोठही गांव के संजय कुमार ने झूठ व झांसा देकर तीन शादी रचाई। संजय कुमार तीनों पत्नियों को अलग-अलग रखता था। इधर, तीसरी पत्नी पुष्पी कुमारी को अपने पति की हरकतों पर कुछ शक हो गया। पुष्पा पति पर नजर रखने लगी। छानबीन की तो सारी सच्चाई सामने आ गई। उसने रंगे हाथ पति को दूसरी महिला यानी उसकी एक और पत्नि के साथ पकड़ लिया।
तीसरी पत्नी ने खोल दी पोल
तीसरी पत्नी ने थाने जाकर सीधे एफआइआर दर्ज करा दी। दर्ज प्राथमिकी में आरोप है कि इस बात जानकारी उस वक्त लगी जब दूसरी पत्नी ममता देवी अचानक संजय पासवान के घर पोठही गांव अपने बच्चे के साथ पहुंच गई। बच्चे जब पापा-पापा बोलने लगे तो पुष्पी कुमारी के होश उड़ गए। थाना अध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि आरोपी संजय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसपर 420 का मामला दर्ज किया है। पुलिस छानबीन में जुटी है।