215 कारतूस और पिस्टल के साथ तीन गिरफ्तार
रुपसपुर थाने की पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार दो लोगों को 200 कारतूस के साथ पकड़ा।
पटना। रुपसपुर थाने की पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार दो लोगों को 200 जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक और शख्स को एक पिस्टल और 15 गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक रविवार की रात रुपसपुर इलाके में वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार दो लोग कहीं जा रहे थे। संदेह होने पर पुलिस ने उन्हें रोक कर जांच की। इस दौरान उनके पास से 7.65 एमएम का 200 जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पकड़े गए लोगों में शंकर सुमन और ओमप्रकाश शामिल थे। शंकर लखनी बीघा दानापुर और ओमप्रकाश गाड़ी खाना खगौल का रहने वाला है। पुलिसिया पूछताछ में दोनों ने गोली पप्पू सिंह की होने की बात कही। दोनों ने बताया कि एक व्यक्ति ने उन्हें पप्पू तक पहुंचाने के लिए गोली दी थी, जिसे देने वे दोनों जा रहे थे। उनकी निशानदेही पर रुपसपुर थाने के सुभाष शर्मा पथ स्थित राजीव सिंह के मकान में किराये पर रह रहे पप्पू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उसके पास से 7.65 एमएम की एक पिस्टल और इसी बोर के 15 कारतूस बरामद किये गए। पप्पू सिंह मूल रूप से भोजपुर के नगर थाना के मीरगंज का रहने वाला है। वैसे पप्पू ने पुलिस को उसका पिस्टल लाइसेंसी होने की बात बतायी है। कागजात भी सौंपा है। पुलिस कागजात की जांच कर रही है। साथ ही इतनी संख्या में गोली मंगाने के पीछे क्या मामला है, इसकी भी पड़ताल कर रही है। पप्पू सिंह एक बिल्डर का निजी अंगरक्षक है।