बिहार में तीसरे चरण का मतदान संपन्न, 53.32 फीसद वोटिंग
सूबे के छह जिलों की 50 विधानसभा सीटों पर आज सायं पांच बजे मतदान संपन्न हो गया। चुनाव आयोग ने मतदान का अंतिम आंकड़ा अभी जारी नहीं किया है, लेकिन अनुमान है कि करीब 54 फीसद वोट पड़े। सायं चार बजे तक सर्वाधिक 55.18 फीसद मतदान बक्सर जिले में हुआ।
पटना। सूबे के छह जिलों की 50 विधानसभा सीटों पर आज सायं पांच बजे मतदान संपन्न हो गया। चुनाव आयोग के अनुसार आज कुल 53.32 फीसद वोट पड़े।
सायं पांच बजे तक सर्वाधिक 56.58 फीसद मतदान बक्सर जिले में, जबकि न्यूनतम 51.82 फीसद पटना जिले में रिकार्ड किया गया था।
सर्वाधिक मतदान बक्सर में
इसके पहले सायं चार बजे तक 49.55 फीसद वोट पड़ चुके थे। अपराह्न तीन बजे तक 45.59 फीसद वोट पड़े थे। दो बजे तक 34.52, एक बजे तक 33.88, 12 बजे तक 26.94, 11 बजे तक 20.72, 10 बजे तक 14.09 फीसद तथा सुबह नौ बजे तक 9.12 फीसद मतदान हुआ था।
सायं पांच बजे तक सर्वाधिक 56.58 फीसद मतदान बक्सर में दर्ज किया गया था। सारण में 52.50, भाेजपुर में 53.33, वैशाली में 54.82, नालंदा में 54.11 तथा पटना में न्यूनतम 51.82 फीसद मतदान हुआ था।
मुख्यमंत्री व राज्यपाल सहित बड़े नेताओं ने किया मतदान
राज्यपाल रामनाथ काेविंद सहित कई अनेक बड़े नेताओं ने मतदान किया। मतदान करने वालों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद व राबड़ी देवी, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी आदि शामिल हैं। मतदान के दौरान मुख्यमंत्री के खिलाफ उनके बूथ पर नारेबाजी हुई।
सुरक्षाकर्मियों पर लगा पक्षपात का आरोप
बक्सर के डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के 126 नंबर बूथ के सुरक्षाकर्मियों पर मतदान में पक्षपात का आरोप लगा है। स्थानीय लोगों के अनुसार मतदान के दौरान कुछ सुरक्षाकर्मी निरक्षर मतदाताओं को बरगला रहे थे कि इवीएम में तीन नंबर वाला बटन खराब है, इसलिए एक नंबर वाला दबाओ।
आदर्श मतदान केंद्र पर सुविधाओं की कमी से नाराजगी
सुबह से ही बूथों पर कतार लगने लगी है। अभी तक का मतदान शांतिपूर्ण है। आरंभिक दौर में कई जगह ईवीएम खराब मिले। इस बीच हाजीपुर के बसावन सिंह इनडोर स्टेडियम स्थित आदर्श मतदान केंद्र में पेयजल व शौचालय की व्यवस्था नहीं रहने से वहां प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मी नाराज हो गए।
बख्तियारपुर के बूथ 204 पर बंदरों का आंतक
मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, लेकिन बख्तियारपुर के मॉडल बूथ 204 पर बंदरों ने हमला कर दिया है। अचानक की चहल-पहल से बंदर आतंकित हो गए और उन्होंने मतदाताओं पर हमला कर दिया। मतदान में बाधा पहुंचाने पर गोली मार देने के आदेश से लैस सुरक्षाकर्मी भी बंदरों के डर से भागते नजर आ रहे हैं। इन बंदरों ने दो मतदाताओं व दो मीडियाकर्मियों को घायल कर दिया है। खास बात यह है कि इसी बूथ पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वोट डालने वाले हैं।
अतंत सिंह की पत्नी को पुलिस ने हिरासत में लिया, छोड़ा
बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी को हिरासत में लिया गया। अनंत सिंह मोकामा से निर्दलीय प्रत्याशी हैं। उनके विस क्षेत्र स्थित मेकरा में पुलिस ने यह कार्रवाई की। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
दो बीजेपी कार्यकर्ताओं सहित तीन गिरफ्तार
पुलिस ने पटना के मछरहट्टा में सिटी एसपी साइली ने बीजेपी कार्यालय खुला होने पर बंद करवाया। वहां वोटर पर्ची बांटी जा रही थी। मौके से दो बीजेपी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
उधर, पालीगंज में थाने के पास आधा दर्जन लोग मतदाताओं में रुपये बांट रहे थे। वहां छापेमारी कर पुलिस ने 13 हजार रुपये के साथ आरोपी पंचायत समिति सदस्य मनोज हसंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीन बाइकें भी जब्त कीं।
आरजेडी प्रत्याशी रामनंद यादव पर भड़के वोटर
पटना के पियरिया में आरजेडी प्रत्याशी रामानंद यादव की गाड़ी में मतदाताओं ने तोड़फोड़ की। मतदाता उन पर धमकी देकर वोट मांगने का आरोप लगा रहे थे। उधर, दानापुर के नरगंदा बूथ 189 पर मतदाता सूची में नाम न होने पर लोगों ने नारेबाजी की।
नक्सल प्रभावित इलाकों में चार बजे तक वोटिंग
जिले में बोगस पोलिंग की आशंका वाले दियारा क्षेत्र के बूथों पर वीडियोग्राफी होगी। 210 बूथों पर मतदान का सीधा प्रसारण लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से देखा गया। मोकामा, बाढ़, बख्तियारपुर, फतुहा, दानापुर और मनेर के दियारा और टाल क्षेत्र में घुड़सवार पुलिस के साथ केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों की तैनाती की गई थी। पालीगंज और मसौढ़ी के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को सुरक्षा का कमान सौंपा गया था। नक्सल प्रभावित दोनों विधानसभा क्षेत्रों में चार बजे तक वोट डाले गए।