पत्रकार नगर में बैंक पीओ के घर लाखों की चोरी
ढाई लाख के गहने, एक लाख नकद और कीमती सामान पर चोरों ने किया हाथ साफ। -मां के स
- ढाई लाख के गहने, एक लाख नकद और कीमती सामान पर चोरों ने किया हाथ साफ
-मां के साथ मुंबई गए थे अमन कुमार, पड़ोसियों ने दी घटना की जानकारी
जागरण संवाददाता, पटना : पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में महात्मा गांधी नगर के कांटी फैक्ट्री रोड स्थित केनरा बैंक के प्रोबिशनरी ऑफिसर (पीओ) अमन कुमार के घर से चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। अमन कुमार मां के साथ मुंबई गए हुए थे। शनिवार को उन्हें घटना की जानकारी मिली। अमन ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। एफएसएल की टीम ने देर शाम तक घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र नहीं किए थे। थानाध्यक्ष संजीत कुमार सिन्हा के अनुसार चोरों की तलाश की जा रही है।
आर्य कुमार रोड स्थित केनरा बैंक की शाखा में तैनात पीओ अमन कुमार का घर कांटी फैक्ट्री रोड में है, जहां वह मां अंजु गुप्ता के साथ रहते हैं। उनके डॉक्टर पिता का छह माह पहले देहांत हो गया। वह मां के साथ 16 जुलाई को किसी काम से मुंबई गए थे। शनिवार को पड़ोसी ने घर के मेन गेट का ताला टूटा होने की जानकारी दी, जिसके बाद वह फ्लाइट से पटना आ गए। बाहर का दरवाजा बंद था। अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर की सभी आलमारी का हरेक दराज खंगाल डाला। मां अंजु के अनुसार एक लाख की नकदी, करीब ढाई लाख रुपये के जेवरात सहित कीमती कपड़े और कुछ सामान गायब हैं। चोरों ने गहने निकालने के बाद डिब्बे को वहीं छोड़ दिया। मकान में घुसने से पहले चोरों ने सीसी कैमरे के तार काट दिए थे।