प्रेमी संग घर से भागी लड़की को बरामद तो कर लिया, अब दूसरी गुत्थी सुलझाने में उलझी सिवान पुलिस
सिवान के मैरवा थाना क्षेत्र से 30 अप्रैल को प्रेमी के साथ एक लड़की फरार हा गई थी। पुलिस ने एफआइआर के बाद करीब पांच दिनों पूर्व उसे बरामद कर लिया था। लेकिन उसी लड़की की वजह से पुलिस का सिरदर्द बढ़ गया है।
मैरवा (सिवान), संवाद सूत्र। थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को संदेहास्पद स्थिति में एक किशोरी की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया। प्रेमी के साथ फरार किशोरी को पुलिस ने पांच दिन पूर्व ही बरामद किया था। स्वजन ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस मौत के कारणों की तफ्तीश कर रही है कि यह सुसाइड है या ऑनर किलिंग।
पिछले महीने प्रेमी के साथ हो गई थी फरार
जानकारी के अनुसार किशोरी का प्रेम प्रसंग पड़ोस के ही एक युवक से चल रहा था। उसके साथ बीते 30 अप्रैल को वह फरार हो गई। स्वजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन कोई पता नहीं चला। इसी क्रम में युवक के भी गायब होने की जानकारी मिली। तब पांच मई को स्वजनों ने मैरवा थाने में अपहरण का मामला दर्ज करा दिया था। पुलिस उसकी तलाश में लगी थी। इसी क्रम में मैरवा लक्ष्मीपुर ओवरब्रिज के नीचे से उसे बरामद किया गया था। कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद पुलिस ने किशोरी को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया था।
परिवारवालों पर बना रही थी दबाव
सूत्रों का कहना है कि जब से वह घर आई, स्वजनों ने सख्ती शुरू कर दी थी। उसके घर से बाहर जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। मोबाइल इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी गई। हर वक्त उसपर कड़ी नजर रखी जा रही थी। इधर किशोरी अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी। उसका कहना था कि वह हर हाल में उसके साथ ही रहेगी। लेकिन स्वजन इसके लिए तैयार नहीं थे। बताया जाता है कि रविवार को अचानक किशोरी की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उसे मैरवा धाम के एक निजी क्लीनिक ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजीव कुमार वहां पहुंचे। किशोरी के स्वजनों से पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का पता चलेगा। मामला आत्महत्या का है या आनर किलिंग का, जांच में सारी बातें सामने आएगी।