गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व पर कंगनघाट में बनेगा पांच हजार क्षमता का टेंट सिटी
गुरुनानक देव महाराज जी के 550वें और गुरु गोविंद सिंह जी के 353वें प्रकाश पर्व को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त ने मंगलवार को समीक्षा बैठक की।
पटना। गुरुनानक देव महाराज जी के 550वें और गुरु गोविंद सिंह जी के 353वें प्रकाश पर्व के दौरान पटना सिटी के कंगन घाट पर पांच हजार श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए टेंट सिटी का निर्माण किया जाएगा। टेंट सिटी का निर्माण बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा होगा। प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में प्रकाश पर्व की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया। बैठक में पटना के डीएम कुमार रवि और नालंदा के डीएम योगेंद्र सिंह समेत पटना एसएसपी गरिमा मलिक व पुलिस अधीक्षक नालंदा निलेश कुमार भी मौजूद रहे।
बैठक के बाद आयुक्त ने बताया कि गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व 27 से 29 दिसंबर कोराजगीर में और गुरु गोविंद सिंह जी का 353वां प्रकाश पर्व 31 दिसंबर से दो जनवरी तक पटना में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था परिवहन विभाग करेगा।
कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंयाचत राजगीर को कार्यक्रम अवधि के दौरान शहर, समारोह स्थल एवं इसके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पेयजल, शौचालय, अग्निशमन, निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी।
बैठक में इस अवसर पर चाक-चौबंद विधि-व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी सहित पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का निर्देश भी दिया गया। आवश्यक होने पर अस्थायी थाने का भी निर्माण कराया जा सकता है। वाहनों की पार्किंग के लिए अस्थायी स्थल का निर्माण कराया जाएगा। कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण बिहारशरीफ को निर्देश दिया गया कि पीने के पानी के लिए बोरिंग की व्यवस्था के साथ-साथ टैंकर एवं वाटर एटीएम की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
नालंदा के डीएम को जिला स्तर से जोड़ा घर, अग्निशमन, स्वास्थ्य, साफ-सफाई, पीने का पानी, विधि-व्यवस्था की व्यवस्था करने को कहा गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए वाच टावर का निर्माण करना, यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने जैसे कार्य भी जिला स्तर से किए जाएंगे।
गुरु गोविंद सिंह जी के 353वें प्रकाश पर्व की तैयारी के संबंध में नगर निगम पटना के आयुक्त को कंगन घाट पर बनाए जानेवाले टेंट सिटी में आवश्यकतानुसार वाटर एटीएम और अस्थायी शौचालय व स्नानागार की व्यवस्था का जिम्मा सौंपा गया है।