राजधानी के तापमान मेें हुआ हल्का सुधार, धूप में भी लग रही ठंड
ठंड से राजधानीवासियों को राहत नहीं मिलती दिख रही है। धूप भी केवल दिखाने के लिए निकल रही है। बुधवार को पटना का पारा 7.9 पर पहुंच गया है।
पटना, जेएनएन। बिहार ठंड के प्रकोप से जूझ रहा है। गया के बाद पटना में लगातार ठंड बनी हुई है। नए साल पर पारे ने थोड़ी राहत दी है। छह पर रहने वाला तापमान सात के आंकड़े पर पहुंच गया है। बुधवार पटना के पारे में मंगलवार को बाद बुधवार को भी हल्का सुधार हुआ। 7.9 न्यूनतम पर पहुंच पारे ने राजधानीवासियों को थोड़ी राहत दी, पर धूप ने सभी निराश किया। लोग ठंड से बचने के लिए धूप लेने चाह तो रहे हैं पर सूरज की तपिश मद्धम होने से ठंड से दो चार होना पड़़ रहा है। पटना अधिकतम पारा 22.6 रहा तो गया का न्यूनतम पारा 4.0 रहते हुए बिहार में सबसे कम रहा।
वहीं, मंगलवार को राजधानी और आसपास के इलाकों में सुबह में धुंध छाई रही। दिन में धूप मद्धम रहने के कारण ठंड का अहसास किया गया। पटना का न्यूनतम तापमान बढ़कर 7.7 डिग्री और अधिकतम 22.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया बिहार का सबसे सर्द शहर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री और अधिकतम 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री और अधिकतम 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार पटना सहित प्रदेश के तापमान में 8 जनवरी तक वृद्धि के आसार हैं। सुबह में धुंध छाई रहेगी। आकाश साफ रहने के कारण धूप निकलेगी। पटना का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।