लालू के लाल तेजप्रताप हैं कुरुक्षेत्र में, सारण से चुनाव लड़ने के लग रहे कयास
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव आजकल कुरुक्षेत्र में हैं और उन्होंने ट्वीट किया है जिसमें लिखा है कि कुरुक्षेत्र अपना बिहार है और लड़ाई जारी भी है।
पटना [जेएनएन]। राजद सुप्रीमो लालू के लाल और बिहार के पूर्व स्वास्थ्यमंत्री तेजप्रताप यादव ने रविवार को ट्वीट किया कि मैं कुरुक्षेत्र में हूं। वर्ष 2019-20 का चुनाव भी महाभारत से मिलता-जुलता है। कुरुक्षेत्र अपना बिहार है और लड़ाई जारी भी है। यहां के पवित्र ब्रह्म सरोवर में स्नान कर महाभारत में भगवान श्री कृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए उपदेशों वाले पवित्र स्थान का भ्रमण किया।
खबर ये मिल रही कि तेजप्रताप लोकसभा दंगल में उतरने को तैयार हैं और सूत्रों के मुताबिक अपने पारिवारिक सीट सारण संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने का भी मन बना रहे हैं। बता दें कि पिछली तीन लोकसभा चुनावों में खुद लालू प्रसाद या राबड़ी देवी इस सीट पर चुनाव लड़ते आए हैं और इस बार उनके बड़े बेटे तेजप्रताप चुनाव यहीं से लड़ सकते हैं।
पिछले दिनों उनके सिताब दियारा यात्रा के बाद ये कयासबाजी तेज हो गई है। राजद के नेताओं की मानें तो आने वाले दिनों में तेजप्रताप यादव इससे संबंधित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और लोगों से रू-ब-रू भी होंगे।
कुरूक्षेत्र में हूँ, कोटी-कोटी प्रणाम यहाँ की पवित्र धरा को।
पवित्र ब्रह्म सरोवर में स्नान कर महाभारत में भगवान श्री कृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए उपदेशों वाली पवित्र स्थान का भ्रमण किया।
19-20 का चुनाव भी महाभारत से मिलता जुलता है, कुरुक्षेत्र अपना बिहार है और लड़ाई जारी भी है pic.twitter.com/FjbhDXdPRi
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) October 7, 2018
पहले से ये बात सामने आ रही थी कि तेजप्रताप इस सीट से अपनी पत्नी एेश्वर्या राय को उम्मीदवार बनाएंगे लेकिन उम्रसीमा आड़े आ गयी और उनके चुनाव लड़ने के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा।
तेजस्वी यादव होंगे राजद के स्टार कैंपेनर
इस बार का चुनाव राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बिना ही लड़ा जाएगा, क्योंकि वो सजायाफ्ता हैं और तबियत खराब होने की वजह से अस्पताल में भर्ती हैं। बिना लालू प्रसाद राजद यह पहला लोकसभा चुनाव लड़ेगा। एेसे में लोकसभा चुनाव में राजद के स्टार कैंपेनर तेजस्वी यादव होंगे।वे पहले बिहार में उपमुख्यमंत्री पद पर फिर वर्तमान में विपक्ष के नेता के तौर पर अपनी उपयोगिता सिद्ध कर चुके हैं।
पूरे राज्य से प्रदेश राजद कार्यालय में जुट रहे राजद समर्थकों का स्पष्ट कहना है कि हर क्षेत्र में तेजस्वी यादव की मांग अभी से उठने लगी है। लालू प्रसाद के जेल में होने और तेजस्वी पर न्यायालय में चल रहे मुकदमे से राजद समर्थकों की सहानुभूति भी उनके प्रति है और राबड़ी देवी के इस बार चुनाव लड़ने की संभावना काफी कम है।