Jharkhand Election Result 2019: तेजप्रताप का ट्वीट-रघुवर वाला ही हाल होगा नीतीश का
Jharkhand Assembly Election Result तेजप्रताप यादव ने झारखंड में महागठबंधन की जीत के बाद खुशी जाहिर करते हु्ए ट्वीट किया है और भाजपा के साथ ही नीतीश कुमार पर भी तंज कसा है।
पटना, जेएनएन। झारखंड विधानसभा चुनाव के परिणाम में महागठबंधन (JMM, RJD, Congress) की जीत के बाद बिहार में भी विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा बयानबाजी और प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। महागठबंधन की जीत से उत्साहित राजद सुप्रीमो के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने भाजपा के साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए ट्वीट कर लिखा है 'लिखकर रख लीजिए जो हाल झारखंड में रघुबर दास का हुआ वही हाल 2020 में बिहार में नीतीश कुमार का होने वाला है।'
लिखकर रख लीजिए जो हाल झारखंड में रघुबर दास का हुआ वही हाल 2020 में बिहार में नीतीश कुमार का होने वाला है।
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) December 23, 2019
सोमवार को झारखंड विधानसभा चुनाव का परिणाम घोषित होने से पहले ही राजद नेता तेजस्वी यादव ने झामुमो नेता हेमंत सोरेन को झारखंड का भावी मुख्यमंत्री घोषित कर दिया, जिसपर ट्वीट कर तेजप्रताप ने छोटे भाई के बयान पर अपनी सहमति दी और ट्वीट कर लिखा कि भाजपा के अहंकार की लंका में आग लगाने के लिए झारखंड के समस्त मतदाता बंधुओ को शुक्रिया। महागठबंधन के सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में अब झारखंड विकास की ओर अग्रसर होगा।
भाजपा के अहंकार की लंका में आग लगाने के लिए झारखंड के समस्त मतदाता बंधुओ को शुक्रिया। महागठबंधन के सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में अब झारखंड विकास की ओर अग्रसर होगा। pic.twitter.com/fIkDycmxWY— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) December 23, 2019
इससे पहले बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी झारखंड विधानसभा चुनाव परिणाम के रुझानों पर प्रतिक्रिया दी थी और महागठबंधन द्वारा बढ़त बनाए जाने पर तेजस्वी यादव ने यह स्पष्ट कर दिया था कि गठबंधन की ओर से हेमंत सोरेन ही मुख्यमंत्री होंगे। तेजस्वी के इस बयान से पहले कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह ने भी हेमंत सोरेन को झारखंड के सीएम पद का दावेदार करार दिया था।
बता दें कि झारखंड में विधानसभा का चुनाव भाजपा ने अकेले ही लड़ा था। एनडीए की सहयोगी पार्टियां भी अलग-अलग चुनाव लड़ी थीं। वहीं महागठबंधन ने वहां एकजुटता दिखाते हुए साथ मिलकर चुनाव लड़ा था।