जोकीहाट उपचुनाव में जीत पर बोले तेजप्रताप- चच्चा को गच्चा दे गया बच्चा
जोकीहाट उपचुनाव में राजद प्रत्याशी की जीत पर तेजप्रताप यादव ने नीतीश कुमार पर कटाक्ष किया है। कहा कि बच्चा चच्चा को गच्चा दे दिया।
पटना [जेएनएन]। बिहार के अररिया जिले के जोकीहाट उपचुनाव में राजद उम्मीदवार शाहनवाज आलम ने बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने जदयू उम्मीदवार मुर्शीद आलम को 41,225 मतों से पराजित किया। राजद उम्मीदवार की जीत पर पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव ने ट्वीट कर सीएम नीतीश कुमार पर कटाक्ष किया है। कहा कि इस चुनाव में बच्चा चच्चा को गच्चा दे गया। बता दें कि राजद अध्यक्ष लालू यादव के दोनों पुत्र तेजप्रताप यादव और तेजस्वी यादव नीतीश कुमार को अक्सर चाचा कहकर संबोधित करते हैं।
चुनाव में जीत के बाद तेजप्रताप ने कहा कि ये विचार की जीत है। जनता के प्यार और विश्वास की जीत है। जोकीहाट की जनता के प्यार और समर्थन का शुक्रगुजार हूं। जनता ने जनादेश का अपमान करने वालों को सबक सिखाया है।
इसके साथ ही तेजप्रताप ने तंज किया कि 250 से ज्यादा ईवीएम को "लू" लग गई थी, तब भी फर्जी राष्ट्रवादीयों को कड़ी शिकस्त मिली..! सोचो अगर सब स्वस्थ होते तो क्या होता। साथ ही कहा कि सीएम नीतीश पर तंज किया कि इस चुनाव में चच्चा को बच्चा गच्चा दे गया।
जीत के बाद शाहनवाज आलम ने कहा कि यह जोकीहाट की जनता और राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व की जीत है। उनके पिता तस्लीमउद्दीन और बड़े भाई सरफराज आलम क्षेत्र का विकास करते आए हैं। इस अभियान को वे और आगे ले जाएंगे।
वहीं, जदयू उम्मीदवार मुर्शीद आलम ने बताया कि यह राजद की नहीं, तस्लीमउद्दीन के निधन के बाद की सहानुभूति की जीत है। जदयू उम्मीदवार सरफराज आलम के त्यागपत्र देने के कारण जोकीहाट सीट खाली हुई थी। सरफराज आलम त्यागपत्र देकर अररिया सांसद बने थे।