क्रिकेटर वरूण के मैरिज में शरीक हुए तेजस्वी, कहा - मेरी शादी माता-पिता की मर्जी से
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अपने साथी क्रिकेटर वरुण एरॉन व रागिनी की शादी में शामिल होने के लिए आज जमशेदपुर में थे। अपनी शादी को लेकर किए गए सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि यह उनके माता-पिता तय करेंगे।
पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अपने साथी क्रिकेटर वरुण एरॉन व रागिनी की शादी में शामिल होने के लिए आज जमशेदपुर में थे। समारोह में क्रिकेटर मुरली विजय भी शरीक हुए। शादी बिष्टुपुर सेंट मेरीज चर्च में संपन्न हो गई। इसके बाद अपनी शादी को लेकर किए गए सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि यह उनके माता-पिता तय करेंगे।
तेजस्वी यादव ने बताया कि वरुण ने फोन पर जानकारी दी थी कि उसकी शादी हो रही है। कहा, "मैं उनके लिए काफी खुश हूं।" तेजस्वी ने बातचीत के दौरान यह भी बताया कि उनका सपना बेस्ट क्रिकेटर बनने का था, लेकिन शायद राजनीति को उनकी अधिक जरूरत थी।
तजस्वी ने कहा कि वे आइपीएल और रणजी टीम खेल चुके हैं, लेकिन राजनीति में शायद उनकी जरूरत थी। उन्होंने कहा, "मेरा सपना था कि बेस्ट क्रिकेटर बनूं। हालांकि, यह सब भाग्य पर निर्भर करता है।"
तेजस्वी ने कहा कि वर्षों से बिहार क्रिकेट एसोसिएशन को मान्यता नहीं दी जा रही है। यहां के खिलाड़ी दूसरे राज्यों में क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजगीर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बना रही है। पटना के स्टेडियम को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
तेजस्वी ने कहा कि मनमोहन सिंह को 'मौनमोहन' बोलने वाले नरेंद्र मोदी खुद मौन क्यों हो गये हैं। बिहार सरकार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
नरेंद्र मोदी के स्मार्ट सिटी पर चुटकी लेते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि स्मार्ट सिटी में वैसे शहरों का नाम है, जो पहले से विकसित हैं। हम बिहार में स्मार्ट विलेज बनायेंगे।