तेजस्वी बोले: AK-47 से अपराधी सीएम आवास की छत पर चढ़कर फायर करेंगे, तब नीतीश कुमार जागेंगे
रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बाद अब बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उसी अंदाज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरा है।
पटना [जेएनएन]। रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बाद अब बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उसी अंदाज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरा है। उन्होंने विधायक को AK-47 से धमकी देने के एक मामले को लेकर तंज कसा है। इसे लेकर गुरुवार को उन्होंने ट्वीट किया है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया है कि 'जब AK-47 वाले सत्ता संरक्षित खूंखार अपराधी मुख्यमंत्री आवास की छत पर चढ़कर फायर करेंगे, तब नीतीश सरकार नींद से जागेगी।' वे यहीं पर नहीं रुके। उन्होंने इसी ट्वीट में आगे लिखा- 'अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि अब खुलेआम विधायकों को भूनने की धमकी मिल रही है। ये सब थानों की बोली लगाने का दुष्प्रभाव है।'
गौरतलब है कि हाल ही में महागठबंधन में शामिल होनेवाले रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी इसी भाषा में नीतीश कुमार को निशाने पर लिया था। उन्होंने पटना के दवा व्यवसायी गुंजन खेमका की हुई हत्या पर ट्वीट किया था। उन्होंने 21 दिसंबर को अपने ट्वीट में लिखा था- 'क्या 1 अणे मार्ग में अपराधी घुस कर एके-47 चलाएंगे, तब आपको पता चलेगा कि राज्य में कथित जंगलराज से बदतर स्थिति है आज?'