तेजस्वी का प्रहार-जल्द जेल जाएंगे हमें फंसाने वाले नीतीश कुमार-सुशील मोदी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि हमें फर्जी केस में फंसाने वाले नीतीश कुमार और सुशील मोदी जल्द ही जेल में होंगे। तेजस्वी ने कहा कि एेसा कोई सगा नहीं जिसे चाचा ने ठगा नहीं।
पटना [जेएनएन]। रेलवे टेंडर घोटाला मामले में दिल्ली के पटियाला कोर्ट पेशी के बाद नेता विपक्ष तेजस्वी ने सीएम नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एेसा कोई सगा नहीं जिसे नीतीश चाचा ने ठगा नहीं। नीतीश जहां रहेंगे नैय्या डुबो देंगे। मेरे परिवार को परेशान करने के लिए षड्यंत्र रचने वाले नीतीश कुमार और सुशील मोदी जल्द ही जेल में दिखेंगे।
तेजस्वी का ट्वीट-नीतीश सामाजिक भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह
इसके साथ ही तेजस्वी ने ट्वीट कर लिखा कि सीबीआइ निदेशक ने ख़ुलासा किया है कि पीएमओ, सीबीआइ और नीतीश के दूत सुशील मोदी हमारे ख़िलाफ सीबीआइ को फ़र्ज़ी केस करने का दबाव दे रहे थे। अब नीतीश कुमार की नैतिकता क्या तेल लेने अंतरात्मा के पास चली गयी है? इसलिए ही लोग नीतीश जी को नैतिक,राजनीतिक और सामाजिक भ्रष्टाचार का भीष्म पितामह कहते है।
नीतीश संघ के रंग में रंग चुके हैं
तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार को पहले से चोरी की सजा मिल चुकी है। उनके ऊपर मर्डर केस चल रहा है। बिहार सरकार नीतीश कुमार से लड़ रही है तो न्याय क्या मिलेगा? उन्होंने कहा कि अश्विनी चौबे के बेटे को गिरफ्तार करने की हिम्मत किसी के पास नहीं होती। ये संघ के रंग में रंग चुके हैं।
जनता ने रिटायर कर दिया है नीतीश को
एनडीए में नीतीश और उपेंद्र कुशवाहा के बीच तनातनी पर तेजस्वी ने कहा कि जनता जान चुकी है कि नीतीश किस तरह से कुछ लोगों का इस्तेमाल सत्ता हथियाने के लिए करते हैं। जनता के बीच असली पहचान उजागर होने से नीतीश की बेचैनी बढ़ गई है। बिहार की जनता ने नीतीश को राजनीति में रिटायर कर दिया है।
हिसाब दें नीतीश
राजद नेता ने कहा कि नीतीश जब से मुख्यमंत्री बने हैं, तब से बिहार के खजाने से कितना पैसा लूटा गया है इसका वे जवाब दें। खजाने से जितना पैसा लूटा गया इस पर मुख्यमंत्री ने क्या कार्रवाई की।
नीतीश के शासन में हुए घोटालों पर क्या कार्रवाई हुई?
मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड में भी 2 महीने बाद एफआईआर दर्ज की गई और उसमें भी मुख्य आरोपी का नाम नहीं था। भागलपुर सृजन घोटाला की मुख्य आरोपी मनोरमा देवी के बेटे और बहू पर अब तक क्या कार्रवाई हुई, किसी को नहीं पता। तेजस्वी ने पूछा कि बिहार में अब तक हुए घोटालों में कितने मंत्री और अधिकारियों पर कार्रवाई हुई।
कोर्ट पर है भरोसा, हमें न्याय मिलेगा
रेलवे टेंडर घोटाला मामले को लेकर तेजस्वी ने कहा कि हमें अदालत पर पूरा भरोसा है और हमारे साथ इंसाफ होगा। सच को नहीं छुपाया जा सकता। जिन लोगों ने मिलकर ये षड्यंत्र रचा है, वे आने वाले दिन में जेल जाएंगे।