'नीतीश जी, लोकलाज बची है तो जरा सुनिए, गवर्नर सत्यपाल मलिक क्या कह रहे हैं'
बिहार में बढ़ते अपराध पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरा ही नहीं है, बल्कि जम्मू-कश्मीर के गवर्नर के बहाने जमकर लपेटा है। पढ़ें पूरी खबर...
पटना [राजेश ठाकुर]। बिहार में बढ़ते अपराध पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरा ही नहीं है, बल्कि जम्मू-कश्मीर के गवर्नर के बहाने जमकर लपेटा है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के गवर्नर सत्यपाल मलिक के बयान के माध्यम से बिहार में बढ़ते अपराध का आईना दिखाया है। बता दें कि इससे पहले सत्यपाल मलिक बिहार के राज्यपाल थे और उन्होंने बिहार में शिक्षा माफिया पर अंकुश लगाने की कोशिश की थी। साथ ही अपराध पर लगाम लगाने की पहल भी की थी।
'जम्मू-कश्मीर से ज्यादा कत्ल पटना मेें'
दरअसल जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने अपने राज्य में अपराध के कम होने की बात कही है। साथ ही यह भी कहा कि इससे ज्यादा कत्ल तो पटना मेें होते हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि पटना में एक दिन में जितने कत्ल होते हैं, उतनी मौतें जम्मू-कश्मीर में एक हफ्ते में होती हैं। यहां पत्थरबाजी बंद हैं। इसी वीडियो को टैग करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लपेटा है।
तेजस्वी ने किया है ट्वीट
तेजस्वी ने अपने ट्वीट में पहले लिखा है- 'जम्मू कश्मीर से ज़्यादा अपराध पटना में:- सत्यपाल मालिक जी, महामहिम राज्यपाल, जम्मू कश्मीर।' इसके बाद उन्होंने लिखा है- 'नीतीश जी, लोकलाज बची है तो जरा सुनिए। सत्यपाल जी बिहार के भी राज्यपाल रह चुके हैं, वो आपकी करनी से भलीभांति परिचित हैं। आपकी नैतिकता गंगा के रास्ते बंगाल की खाड़ी में डूब चुकी है।'
शिक्षा माफिया का हो गया था जीना हराम
बता दें कि जब सत्यपाल मलिक बिहार के राज्यपाल थे, तब उन्होंने बिहार में शिक्षा माफिया का जीना हराम कर दिया था। खासकर उन्होंने बीएड कॉलेज चलानेवाले माफियों पर लगाम लगाना शुरू कर दिया था। इसके लिए अभियान भी शुरू कर दिया गया था। इसके साथ ही बिहार में बढ़ते क्राइम पर उन्होंने चिंता जतायी थी। साथ क्राइम कंट्रोल के लिए पहल की थी।
तो सीधे राजभवन में करें शिकायत
उन्होंने पटना में लड़कियों को भी सीधा फरमान दिया था कि यदि किसी के साथ कोई छेड़खानी करता है तो वे पुलिस से पहले सीधे राजभवन में शिकायत करे। उन्हें तुरंत इंसाफ मिलेगा। अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। राजभवन की इस पहल का लोगों ने स्वागत किया था। लेकिन, इसी बीच उन्हें जम्मू-कश्मीर का राज्यपाल बना दिया गया। हालांकि कहा जा रहा है कि उनका बिहार के साथ काफी गहरा लगाव है। इसीलिए राज्यपाल सत्यपाल मलिक के बयान को टैग करते हुए तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कड़ा प्रहार किया है। साथ ही कहा है कि 'वो आपकी करनी से भलीभांति परिचित हैं।'
4 अक्टूबर 17 को बिहार में दिया था योगदान
दरअसल सत्यपाल मलिक ने 2017 में 4 अक्टूबर को बिहार के 38 वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। उन्हें पटना हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश राजेेंद्र मेनन ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। इसके बाद उन्हें पिछले साल यानी 2018 के अगस्त माह में जम्मू-कश्मीर का गवर्नर बनाया गया था। तब से वे वहां पद पर आसीन हैं। खास बात कि लगभग साढ़े तीन दशक के बाद जम्मू-कश्मीर में केंद्र सरकार ने किसी राजनेता को गवर्नर के पद पर बिठाया है। 1984 के बाद से ही जम्मू-कश्मीर में प्रशासनिक सेवा के अधिकारी या फिर पूर्व सैन्य अधिकारी को यह पद दिया जाता रहा है।