लालू प्रसाद यादव के खिलाफ छापे के वक्त कहां थे तेजस्वी यादव? रेड की जानकारी मिलने पर क्या कहा?
Tejashwi Yadav News राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के ठिकानों पर छापे के वक्त तेजस्वी यादव पटना और दिल्ली को छोड़िए इंडिया में ही नहीं थे। वे बुधवार को ही विदेश रवाना हो चुके थे। विदेश से ही उन्होंने इस मसले पर बयान जारी किया।
पटना, जागरण टीम। Lalu Prasad Yadav CBI Raids News: राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ सीबीआइ छापे के वक्त तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) लंदन में थे। जबकि उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव अपनी मां राबड़ी देवी के साथ उनके आवास पर। सीबीआइ का छापा सबसे पहले यहीं पड़ा और सीबीआइ अफसरों की मुलाकात भी सबसे पहले तेज प्रताप यादव से ही हुई। उधर, लालू प्रसाद यादव दिल्ली में अपनी बड़ी बेटी मीसा भारती के आवास पर थे। छापों के तुरंत बाद तेज प्रताप यादव ने इस पूरे प्रकरण पर रिएक्शन दिया तो शाम होते-होते तेजस्वी यादव का ट्वीट भी इस मसले पर आ गया।
तेजस्वी यादव बोले - लालू यादव की होगी जीत
सीबीआइ के छापों के मसले पर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एवं विधायक तेजप्रताप यादव ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। तेजस्वी अभी लंदन में हैैं, जहां से उन्होंने शुक्रवार की देर शाम दो लाइन का ट्वीट किया, जिसमें पिता लालू प्रसाद को सत्य एवं तथ्य के रास्ते का राही बताया है और उम्मीद जताई है कि आखिर में जीत उनकी ही होगी।
सत्य के अग्निपथ पर चलना सदैव ही कठिन रहा
तेजस्वी ने लिखा कि सत्य व तथ्य का मार्ग वह अग्निपथ है, जिस पर चलना कठिन है पर असंभव नहीं। देर से ही सही, लेकिन विजय सदैव सत्य की ही होती है। लड़ रहे हैैं। जीत रहे हैैं। लड़ते रहेंगे। जीतते रहेंगे। ऐ हवा जाकर कह दो, दिल्ली के दरबारों से, नहीं डरा है, नहीं डरेगा, लालू इन सरकारों से। सीबीआइ छापे पर तंज कसते हुए तेजप्रताप ने भी इंटरनेट मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि हम यदुवंशी, गाय पालने वाले लोग हैं! हमारे यहां गोबर बहुत सारा है, ले जाओगे क्या..? छापे शुरू होते ही राजद के ट्विटर हैैंडल से सीबीआइ पर कटाक्ष करते हुए उसे तोता बताया गया। लिखा गया कि तोते हैैं, तोतों का क्या..?
लंदन में तेजस्वी का था ये कार्यक्रम
तेजस्वी यादव गत बुधवार को ही लंदन रवाना हो गए थे। उन्हें '25 साल के लिए भारत के भविष्य' पर आयोजित एक कार्यक्रम में 20 मई को ही अपनी बात रखनी थी। संयोग से छापेमारी भी इसी दिन हुई। हालांकि, भारत और लंदन का टाइमजोन अलग-अलग है। इसे सीधे शब्दों में ऐसे समझिए कि सुबह छह बजे जब राबड़ी देवी के आवास पर छापेमारी शुरू हुुुुई, तब लंदन में रात के करीब डेढ़ बज रहे होंगे। तेजस्वी यादव को जब पूरे मामले की जानकारी मिली, तो उन्होंने ट्विटर के जरिए इस मसले पर बयान जारी किया। इससे पहले इसी कार्यक्रम में भाग लेने गए राजद के राज्यसभा सदस्य मनोज झा ने वीडियो जारी कर अपना बयान दिया।