तेजस्वी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर खाली किया DY CM का बंगला, जानिए कहां जाएंगे
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को अलॉट बंगला खाली कर दिया है। संभव है कि वे गुरुवार को बंगला सरकार को सौंप देंगे।
पटना [जेएनएन]। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपना सरकारी बंगला खाली करना आरंभ कर दिया है। माना जा रहा है कि गुरुवार तक वे बंगला पूरी तरह खाली कर इसे सरकार को सौंप देंगे। इसके बाद वे 1, पोलो रोड के अपने लिए आवंटित बंगले में शिफ्ट करेंगे। विदित हो कि बीते आठ फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें बंगला खाली करने का आदेश दिया था। साथ ही इस मामले में उनकी भूमिका के लिए 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया था।
यह है मामला
तेजस्वी यादव का पटना के 5, देशरत्न मार्ग का बंगला उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को आवंटित किया जा चुका है। तेजस्वी इस बंगले में तब से हैं, जब वे महागठबंधन की सरकार में उपमुख्यमंत्री थे। बाद में सरकार ने उन्हें दूसरा बंगला अलॉट किया, जिसमें वे नहीं गए। इसके बाद उन्होंने वर्तमान बंगले के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी, जिसमें अंतत: हार गए। तेजस्वी यादव अब अपने लिए आवंटित 1, पोलो रोड के बंगले में जाएंगे।
बंगले से सामान हटा रहे तेजस्वी
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद यह तय हो गया था कि तेजस्वी को बंगला खाली पड़ना पड़ेगा। इसी सिलसिले में बुधवार को बंगले से सभी बैनर-पोस्टर बैनर हटा लिए गए। मेन गेट से तेजस्वी यादव का नेम प्लेट भी हटा लिया गया। वहां से सुरक्षा बलों को भी हटाया जा चुका है। अब बंगले के सामानों को हटाने का सिलसिला चल रहा है।