2014 में ₹384 का सिलेंडर लेकर प्रदर्शन, अब 1100 पर क्यों चुप? तेजस्वी यादव का मोदी सरकार पर तीखा वार
तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर तीखा हमला बोला है, डबल इंजन सरकार की नीतियों को गरीब, ...और पढ़ें

तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल। फाइल
HighLights
तेजस्वी यादव ने महंगाई पर केंद्र सरकार को घेरा।
डबल इंजन सरकार की नीतियों को गरीब विरोधी बताया।
उज्ज्वला योजना की वास्तविक स्थिति पर सवाल उठाए।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने डबल इंजन सरकार की नीतियों को गरीब, किसान और मध्यम वर्ग के लिए परेशानी बढ़ाने वाला बताया है। तेजस्वी ने कहा कि खाद्य पदार्थों से लेकर पेट्रोल-डीजल, खाद-बीज, बिजली और रसोई गैस तक की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
तेजस्वी यादव ने शनिवार को अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि डबल इंजन सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई भीषण समस्या बन चुकी है।
उन्होंने केंद्र की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का सबसे अधिक असर गरीब, किसान और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।
'महंगाई को डायन बताने वाले आज महारानी समझकर बैठे'
तेजस्वी ने अपने पोस्ट में भाजपा के पुराने महंगाई विरोधी आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि महंगाई को डायन बताने वाले आज उसे महारानी समझकर उससे चिपके बैठे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में बैठे लोग महंगाई रूपी समस्या को दूर करने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की पूंजीपरस्त नीतियों ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है।
खाद्य पदार्थों और खाद्य तेल के दाम पहले से ही लोगों की परेशानी बढ़ा रहे थे और अब खाना खरीदने के साथ-साथ उसे पकाना भी महंगा हो गया है।
उज्ज्वला योजना पर भी उठाए सवाल
राजद नेता ने उज्ज्वला योजना को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना का खूब प्रचार-प्रसार किया, लेकिन अब सरकार में यह हिम्मत होनी चाहिए कि गांव-गांव जाकर योजना की समीक्षा करे और इसकी वास्तविक स्थिति देश के सामने रखे।
तेजस्वी ने दावा किया कि महंगे सिलेंडर के कारण गरीब परिवारों के घरों में रसोई गैस सिलेंडर खाली पड़े हैं। उन्होंने 2014 में रसोई गैस की कीमतों को लेकर भाजपा नेताओं के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए वर्तमान कीमतों पर सवाल उठाया।
तेल-दाल से लेकर आलू-प्याज तक का जिक्र
तेजस्वी यादव ने कहा कि महंगाई की मार केवल रसोई गैस तक सीमित नहीं है। तेल, दाल, चीनी, आलू, प्याज और टमाटर जैसी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी के बजट को बिगाड़ दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चौतरफा महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग की जेब पर लगातार बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि गरीबों को लूटकर अमीरों को मालामाल करने की नीतियों से आम आदमी का जीवन मुश्किल हो गया है।
'सड़क से सदन तक जारी रहेगा संघर्ष'
तेजस्वी यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और भुखमरी के खिलाफ राजद का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी।
