तेजस्वी ने पूछा-किस फार्मूले से बिहार में रातों-रात आ गया जंगल राज, नीतीश सरकार में डरने की जरूरत नहीं
Bihar politics News तेजस्वी यादव ने कहा कि टेक्सटाइल के क्षेत्र में बांग्लादेश जो काम कर रहा है वह हम क्यों नहीं कर सकते? उन्होंने कहा कि आखिर किस फार्मूले से बिहार में रातोंं-रात जंगल राज आ गया?
राज्य ब्यूरो, पटना : मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष में आयाेजित इंवेस्टर्स मीट-2022 में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि टेक्सटाइल के क्षेत्र में बांग्लादेश जो काम कर रहा है वह हम क्यों नहीं कर सकते? उद्योगों के मसले पर राज्य सरकार गंभीर है। हम फ्लेक्सबल भी हैं। विजन सही हो और रोड मैप ठीक हो तो बिहार में भी सब मुमकिन है। अच्छे सुझाव आएंगे तो उसे भी लेंगे। बिहार अगर तरक्की नहीं करेगा तो देश की भी प्रगति नहीं होगी।
बिहार में उद्योग का बेहतर माहौल बना हुआ है
तेजस्वी यादव कहा कि बिहार में उद्योग का बेहतर माहौल बना हुआ है। बिहार के बाहर काम कर रहे यहां के अधिकारी अब बिहार में आकर काम करना चाह रहे। बिहार में अच्छी आधारभूत संरचना है। सभी जिलों की अपनी खासियत है। बिहार के उत्पादों की चर्चा के क्रम में उन्होंने कहा कि बिहार के मखाना की पंजाब में पैकेजिंग हो रही है। अमेरिका में इसकी काफी मांग है, पर बिहार को क्या मिलता है। आइटी के क्षेत्र में बिहार के युवा देश के बाहर भी काम कर रहे। देश के कई राज्यों में हैं। अगर यहां आइटी का फर्म लगाएंगे तो वे यहां भी काम करेंगे।
अपराध और भ्रष्टाचार से का समझौता नहीं होगा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के बारे में राय आंकड़े के आधार पर बनाएं उद्यमी। आखिर किस फार्मूले से बिहार में रातोंं -रात जंगल राज आ गया। यहां नीतीश कुमार की सरकार है। उनके सरकार में किसी को डरने की जरूरत नहीं। यहां अपराध और भ्रष्टाचार से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि उद्यमी अगर चाहें तो वह उनके लिए चौकी भी खुलवा देंगे। तेजस्वी ने उद्यमियों से यह अनुरोध किया कि वे बिहार के बारे में जो भ्रांति है उसे बदलने में मदद करें।