तेजस्वी का ट्वीट: बिहार में चहुंओर अपराध व भ्रष्टाचार, CM नीतीश बने लाचार
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया है कि बिहार मॉब लिंचिंग का हब बन गया है। यहां चहुंओर अपराध, अराजकता व भ्रष्टाचार है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लाचार बने हुए हैं।
पटना [जेएनएन]। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा है कि बिहार मॉब लिंचिंग का हब बन गया है। चहुंओर अराजकता व भ्रष्टाचार का माहौल है। कानून व्यवस्था समाप्त हो चुकी है। तेजस्वी ने कहा है कि बिहार में डरावने दिन आ गए हैं और डबल इंजन की बुलेट ट्रेन में बैठे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुस्त व लाचार दिख रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया है कि बिहार मॉब लिंचिंग का हब बन बन गया है। उन्होंने बेगूसराय में तीन व्यक्तियों की हत्या, रोहतास में दलित महिला की पीटकर हत्या, हाजीपुर में दरोगा तो जहानाबाद में एएसपी पर हमले का जिक्र किया है। साथ ही सासाराम में महिला को निर्वस्त्र घुमाए जाने की घटना का भी उदाहरण दिया है।
तेजस्वी ने लिखा है कि बिहार में चहुंओर अराजकता का माहौल है। अपहरण, बलात्कार, हत्या, लूट, मॉब लिंचिंग से हाहाकार मचा है। कानून व्यवस्था समाप्त हो चुकी है। प्रखंड से लेकर मुख्यमंत्री सचिवालय तक भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
आगे लिखा है कि हमें शर्म आने लगी है आखिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा की डबल इंजन वाली बुलेट ट्रेन में बैठकर भी इतने सुस्त, लाचार, बेबस और असहाय हैं। तेजस्वी ने तंज कसा है कि 11 करोड़ बिहारवासियों के जनविश्वास का कत्ल कर भाजपा को सत्ता सौंपने वाला व्यक्ति आखिर इतना लाचार कैसे हो सकता है?
तेजस्वी ने आगे लिखा है, 'क्या बिहार को ये डरावने दिन दिखाने के लिए ही नीतीश कुमार दिन-दहाड़े भाजपा के साथ भागे थे। अगर मैं गलत था और उन्हें अपने चेहरे पर इतना गुमान था तो विधानसभा भंग कर चुनाव में जाते। मुख्यमंत्री जी, जनादेश अपमान के एवज में भाजपा के साथ हुई अपनी गुप्त डील को सार्वजनिक करें।'