तेजस्वी ने सीएम नीतीश को दी सलाह-84 दिन से घर से बाहर नहीं निकले है, चलिए मेरे पीछे-पीछे
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि आप 84 दिन से घर से बाहर तक नहीं निकले हैं आपको डर लगता है तो चलिए मेरे साथ मेरे पीछे-पीछे।
पटना, जेएनएन। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर नीतीश पर तंज कसा है और कहा है कि पिछले 84 दिन से आप घर से बाहर नहीं निकले है। आप ऐसा करने वाले देश के अकेले CM है। अगर आपको कोई डर है तो आगे-आगे मैं आपके साथ चलूँगा। लेकिन अब तो निकलिए। देशवासी कह रहे है कि बिहार के CM को डर लगता है। सरकारी मशीनरी और संसाधनों का दुरूपयोग करते हुए आप प्रतिदिन घंटो अपने नेताओं से वीडियो कांफ़्रेंस करते है लेकिन आम जनता को आपने पूछा तक नहीं।
तेजस्वी ने अपने ट्वीट में ये भी लिखा कि क्वारंटाइन सेंटरो में आपने जनता की क्या दुर्गति की एंव विपदा में भी भ्रष्टाचार की जो गंगा बहाई गयी है यह किसी से छुपा नहीं है। चुनाव आते-जाते रहेंगे लेकिन जनता को ऐसे मत छोड़िए।
आदरणीय मुख्यमंत्री जी,
इस संकटकाल में स्वास्थ्य व्यवस्था, ग़रीबों-श्रमिकों की वस्तुस्थिति जानने और राज्यवासियों की हौसलाअफजाई करने विगत 84 दिन से आप घर से बाहर नहीं निकले है। आप ऐसा करने वाले देश के अकेले CM है।
अगर कोई डर है तो आगे-आगे मैं आपके साथ चलूँगा। लेकिन अब तो निकलिए।— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) June 9, 2020
तेजस्वी के ट्वीट पर जदयू नेता अशोक चौधरी ने जवाब दिया है कि उनके बारे में जनता को पता ही नहीं थाआपको जनता को जवाब देना चाहिए। मुख्यमंत्री कानून का पालन करने वाले हैं, आप कहां से 1.30 बजे ट्वीट कर रहे थे। सीएम गाइडलाइन मानकर काम कर रहे हैं।
लालू ने बताया था नीतीश को डरपोक, रणछोड़
इससे पहले सोमवार को तेजस्वी के पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को डरपोक औऱ रणछोड़ कहा था। लालू ने ट्वीट में लिखा, बूझो तो जाने? किस प्रदेश का डरपोक मुख्यमंत्री विगत 83 दिन से घर से बाहर नहीं निकला है? कोरोना भले ना भागऽल लेकिन ई मुकमंत्री जनता के बीच मंंझधार में छोड़ के भाग गऽइल ई रणछोड़ के हिसाब-किताब आवे वाला चुनाव में सब लोग मिल-ज़ुल के लऽ.