अगस्त से स्कूलों में मनोरंजन के साथ होगी पढ़ाई
अब स्कूलों में छात्र-छात्राएं मनोरंजन के साथ पढ़ाई करेंगे।
पटना। अब स्कूलों में छात्र-छात्राएं मनोरंजन के साथ पढ़ाई करेंगे। सरकार की ओर से उन्नयन योजना के तहत राजधानी के सभी उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक स्कूलों में मनोरंजन के साथ पढ़ाई की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए सभी स्कूलों में एलईडी टीवी की खरीदारी हो चुकी है। स्कूलों में स्मार्ट क्लास भी डेवलप किया जा रहा है। स्मार्ट क्लास में बच्चों को पढ़ाने के लिए जिले के सभी चयनित स्कूलों के 20-20 शिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल में चल रहा है। यह 31 जुलाई तक लगातार चलेगा। प्रशिक्षण में शिक्षकों को पढ़ाने से लेकर इसके संचालन तक की पूरी जानकारी दी जा रही है। वीडियो फिल्म के माध्यम से होगी पढ़ाई
स्कूलों में बनाए गए स्मार्ट क्लास में वीडियो फिल्म से पढ़ाई होगी। इसमें बच्चों को हर दिन एक घंटे तक तीन विषयों को पढ़ाया जाएगा। इसमें गणित, हिदी और अंग्रेजी शामिल है। एलईडी टीवी में पेन ड्राइव के माध्यम से पढ़ाने की व्यवस्था की गई है। इसमें एक विषय 20 मिनट का होगा। यह सब उन्नयन योजना के तहत किया जा रहा है। पढ़ाई को रुचिकर बनाने के उद्देश्य से सरकार इस योजना पर काम कर रही है। स्मार्ट क्लास में पढ़ाई के दौरान परेशानी होने पर वहां मौजूद शिक्षक छात्रों की मदद करेंगे। कक्षा के अंत में छात्रों से पांच-पांच वस्तुनिष्ठ प्रश्न भी पूछे जाएंगे। उन्नयन योजना के तहत राजधानी के उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में एलईडी लगाकर स्मार्ट कक्षा विकसित किए जा रहे हैं। इसमें हर दिन बच्चों को एक-एक घंटे तीन विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी। इससे बच्चों को मनोरंजन के साथ रुचिकर पढ़ाई का लाभ मिलेगा।
- नीरज कुमार, डीपीओ, सर्व शिक्षा अभियान।